ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में लगभग 10 दिन पहले घर के बाहर सो रहे आॅटो चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, पुत्र व एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है।

भिण्ड पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चैहान ने आज यहां बताया मृतक की पत्नी ने बेटे से कहा था पिता की हत्या करने सिर में दो गोली मारना, ताकि वो जीवित नहीं बचें। बेटे ने ऐसा ही किया। पिता की हत्या के लिए उसने सिर में दो गोली मारी थीं। पुलिस ने आरोपी पत्नी, बेटा और बेटे के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, हत्या में उपयोग हुआ 315 बोर का कट्टा, एक कारतूस, दो कारतूस के खोखे जब्त कर लिए हैं।

पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि 26 मार्च की देर रात्रि को बीएसएनएल भवन के पीछे विजयलक्ष्मी गार्डन के सामने घर के बाहर सो रहे आटो चालक जगत सिंह बघेल की सिर में दो गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी ममता बघेल ने पुलिस को बताया था हत्या उसके दामाद रंजीत बघेल, रंजीत के जीजा राजीव बघेल, राजीव के भाई संजीव बघेल ने मिलकर की है। पुलिस को संजीव ग्वालियर घर में सोता मिला था। राजीव भोपाल में था, उसने पुलिस को वीडियो काल कर लोकेशन दिखाई थी। इससे साफ हो गया था कि हत्या में यह तीनों नहीं हैं। एसपी ने भिण्ड के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) आनंद राय के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

टीम ने पड़ताल की तो पाया मृतक के बड़े बेटे हेमंत बघेल ने 26 मार्च को गल्ला मंडी बक्से की दुकान वाले रामू राठौर से मोबाइल पर कई बार बात की थी। रामू अवैध हथियार रखने का शौकीन है। यहीं से पुलिस का माथा ठनका। पुलिस ने रामू को तलाशा तो उसके पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई। रामू ने पुलिस को बताया हेमंत और उसका साथी सुग्रीव राठौर 315 बोर का कट्टा, कारतूस रखने के लिए देकर गए थे। पुलिस ने हेमंत और सुग्रीव को उठाया तो दोनों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

हेमंत ने पुलिस को बताया कि पिता की हत्या में मां ममता बघेल शामिल है। एसपी शैलेंद्र सिंह चैहान ने बताया ममता के कई लोगों से संपर्क थे। जगत उसे रोकते थे। ममता इससे नाराज रहती थी। छह माह पहले ममता ने हेमंत और सुग्रीव को हत्या के लिए राजी किया। साजिश रची हत्या कर दामाद रंजीत और उनके जीजा राजीव पर आरोप लगा देंगे। दामाद पर दहेज एक्ट और रंजीत पर दुष्कर्म का केस कोर्ट में विचाराधीन है। जगत हत्या से 10 दिन पहले दुष्कर्म के केस में गवाही देकर छूटे थे। इससे हत्या के बाद आरोप लगाना आसान था।

पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चैहान ने बताया 26 मार्च को हेमंत बाइक से ग्वालियर चला गया। ग्वालियर जाकर मोबाइल बंद किया। हेमंत ने सुग्रीव से कट्टा, तीन कारतूस लिए। रात में बाइक से सुग्रीव के साथ पिता की हत्या करने आया। पिता के पास पहुंचा तो कुत्ता भौंकने लगा। इससे पिता जाग गए। इस दौरान ममता ने हेमंत को घर में बुला लिया। ममता ने कुत्ते को घर में बांध लिया। हेमंत और सुग्रीव एमजेएस कालेज परिसर में पहुंचे। जगत सिंह के सोने का इंतजार किया। रात डेढ़ बजे दोनों बाइक से वापस पहुंचे। सोते में हेमंत ने पिता के सिर में कट्टे से दो गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या कर सुग्रीव के साथ बाइक से बिलाव, अचलपुरा, अमायन होते हुए ग्वालियर पहुंचा। पुलिस ने अब तीनों को हत्या के केस में गिरफ्तार कर लिया है।