जबलपुर। कोरोना संक्रमण से फिर खतरा बढ़ने लगा है। जबलपुर में 41 दिन बाद शनिवार को कोरोनावायरस से 86 साल की महिला की मौत हो गई। जिले में इस महीने अब तक 42 केस मिले हैं। जबकि 37 लोग स्वस्थ हुए। फिलहाल, 24 एक्टिव केस हैं। इसमें 4 अस्पताल में और 20 होम आइसोलेशन में हैं। जिले में 11 जुलाई से कोरोना से कोई मौत नहीं हुई थी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जबलपुर के हाथीताल निवासी बुजुर्ग महिला कुछ दिनों से बीमार थीं। उन्होंने 19 अगस्त को कोरोना टेस्ट कराया। 20 अगस्त को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अगले ही दिन मेडिकल में भर्ती महिला की मौत हो गई। इस मामले में विभाग की ओर से डेथ ऑडिट होना बाकी है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, जुलाई में 30 दिनों में कुल केस 61 सामने आए थे। 6 लोगों की मौत हुई थी। एक दिन कोई केस नहीं मिला। अगस्त में अब तक दो दिन कोई केस सामने नहीं आया। दो बार 5-5 केस एक दिन में सामने आए, जबकि 5 दिन 3-3 केस आए थे। जिले में पिछले 17 महीने में अब तक 50 हजार 571 संक्रमित मिले हैं। जबकि 49 हजार 890 लोग स्वस्थ हुए हैं और 702 लोगों की मौत हुई है।