कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में तीन दिन के भीतर दो नवजातों की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ घंटों के अंदर आरोपी महिला को पकड़ लिया और उसके पास से दोनों बच्चे बरामद किए। पुलिस का कहना था कि दो दिन पहले बाकल से एक नवजात चोरी हो गया था। इसके बाद सोमवार दोपहर जिला चिकित्सालय नवजात बच्चा चोरी हुआ था। पुलिस ने दोनों नवजात बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, भट्टा मोहल्ला की रहने वाली गोमती बाई को 21 अगस्त की सुबह 10 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसने एक बच्चे को जन्म दिया था। सोमवार दोपहर बाद प्रसूता वार्ड में भर्ती गोमती बाई के बगल वाले बेड पर एक महिला आकर बैठी हुई थी। उस महिला के पास पहले से एक नवजात शिशु था। गोमती और उसका बच्चा बेड पर सो रहे थे और उसकी भाभी बाहर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी महिला ने मौका पाकर गोमती बाई के बच्चे को उठाया और रफूचक्कर हो गई।

सूचना पाकर पुलिस जिला हॉस्पिटल पहुंची और टीम गठित कर नाकेबंदी की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 25 किलोमीटर दूर ग्राम तेवरी में बस से जा रही और गोद में दो बच्चे लिए एक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने दोनों नवजात बच्चों को चोरी करना कबूल किया। इसमें एक बच्चा गोमती बाई का था और दूसरा तीन दिन पहले बाकल से चोरी किया गया था। पुलिस महिला से पूछताछ में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक संदिग्ध महिला स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र की है। दोनों बच्चे सही सलामत हैं। पुलिस ने मां गोमती कोल को उसका बच्चा देते हुए कुछ नए कपड़े और खिलौने भेंट किए। चंद घंटे में इतना बड़ा मामला सुलझाने पर लोग कटनी पुलिस को बधाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *