भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुरैना जिले के कैलारस (सागोरिया पुरा) में जल जीवन मिशन में मुरैना, जौरा, दिमनी, अम्बाह, सुमावली और सबलगढ़ के लिए 527 करोड़ रूपये लागत की 445 नल-जल योजनाओं का भूमि-पूजन किया। साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम की 353 करोड़ 57 लाख रूपये लागत से बनने वाली चार सड़कों का भूमि-पूजन भी किया। इसमें 178 करोड़ 87 लाख लागत से कैलारस से जौरा व्हाया पहाड़गढ़, मानपुर, पगारा मार्ग और 174 करोड़ 70 लाख रूपये की लागत से तीन मार्ग, पहाड़गढ़ से सहसराम व्हाया मरा कन्हार, खुरजान मार्ग, नुराबाद, पढ़ावली मार्ग से शनिचरा मार्ग, नेपरी से बृजगढ़ी, व्हाया किशनगढ़, कुकरौली मार्ग शामिल है। मुख्यमंत्री चौहान ने खेल परिसर और सभामंच निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने 300 समूहों एवं ग्रामीण पथ विक्रेता योजना के लाभार्थियों को 7 करोड़ 31 लाख रूपये की राशि का वितरण किया। इसमें 81 समूहों को एक करोड़ 60 लाख के क्रेडिट लिंकेज, ग्रामीण पथ विक्रेता योजना में 34 लाख 80 हज़ार रूपये की राशि, गणवेश सिलाई में 5 करोड़ 14 लाख रूपये और गेहूँ उपार्जन अधिलाभांश में 21 लाख रूपये का वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जल जीवन मिशन की 445 नलजल योजनाओं से मुरैना, जौरा, दिमनी, अम्बाह, सुमावली एवं सबलगढ़ के हर घर में नल से जल पहुँचेगा। इससे माता-बहनों की परेशानी अब दूर होगी, जल्द ही योजनाओं का कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे बढ़ाने के लिए कई कार्यकम चला रहे हैं। पीएम सम्मान निधि में किसानों को प्रत्येक वर्ष 2-2 हजार रूपये की तीन किश्त और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 2-2 हजार रूपये की दो किश्त इस प्रकार कुल 10 हजार रूपये की राशि दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास से वंचित नहीं रहेगा। सभी को आवास उपलब्ध कराये जाएँगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा प्रदेश में सर्व सुविधायुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण बेहतर शिक्षा देने सीएम राइज़ स्कूल खोले जा रहे हैं, जहाँ निजी विद्यालयों से बेहतर शिक्षा सुविधा प्रदान की जायेगी। मुख्यमंत्री चौहान ने सभी पात्र व्यक्तियों से आयुष्मान भारत योजना में पंजीयन कराने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को तीन महीने में योजना में शेष बचे व्यक्तियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश में कोरोना का टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया है। अभी कोरोना गया नहीं है। कोरोना को लेकर लापरवाही न बरतें। सभी नागरिकों को कोरोना वैक्सीन के दोनों टीके लगवायें। मास्क लगाएँ और 60 साल से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक बूस्टर डोज जरूर लगवायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा समूह की बहिनें विद्यार्थियों की यूनिफार्म तैयार करेंगी। उचित मूल्य की दुकान के संचालन और समर्थन मूल्य पर गेंहू, धान, चना आदि की खरीदी का कार्य भी उन्हें दिया जाएगा। बच्चों के पोषण आहार का कार्य भी समूहों की महिलाओं को दिया गया है। मुख्यमंत्री ने सागोरिया में राशन दुकान खोलने एवं उसका संचालन महिला स्व-सहायता समूह को देने के निर्देश भी दिए।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चहुँमुखी विकास के लिए प्रतिवद्ध है। केंद्रीय मंत्री तोमर ने जौरा क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री चौहान द्वारा दी गई सौग़ातों के लिए धन्यवाद एवं बधाई प्रेषित की।
मुख्यमंत्री ने कैलारस (सागोरिया पूरा) में पौधा-रोपण किया
मुख्यमंत्री चौहान ने मुरैना जिले के कैलारस (सागोरिया पुरा) में वृहद् वृक्षा-रोपण कार्यक्रम में करंज का पौधा लगाया। उनके साथ केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह सहित उपस्थित अतिथियों ने भी वृक्षा-रोपण किया।
आजीविका मार्ट का अवलोकन
मुख्यमंत्री चौहान ने आजीविका मार्ट में स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन कर समूह की दीदियों से निर्मित सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आजीविका मार्ट स्व-सहायता समूह के उत्पादों की बिक्री का ऑनलाइन पोर्टल है।