खरगोन। रक्षाबंधन का पर्व शहर सहित अंचल में रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। भाईयों ने बहनों के पैर छूकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। भगवान सिद्धविनायक को बालिकाओं ने विशाल राखी बांध कर देश को कोरोना की तीसरी लहर से बचाने की प्रार्थना की।
सुबह से ही शुभ मुहूर्त में बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधे। बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। भाईयों ने बहनों को उपहार भेंट किए। पर्व को लेकर बाजार में भी चहल-पहल बनी रही। मिठाइयों सहित राखियों की दुकानों पर ग्राहकी बनी रही।
निमाड़ अंचल में जन्माष्टमी तक रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा। इधर बस स्टैंड पर रविवार को भी यात्रियों की चहल पहल अधिक रही। अधिकांश बसें यात्रियों से खचाखच दिखाई दी। कुंदा तट स्थित सिद्धी विनायक मंदिर में भी सुबह से कई महिलाएं भगवान को राखी बांधने के लिए पहुंची। शहर की खुशबू महाजन ने भगवान सिद्धविनायक को विशाल राखी बांध कर सभी नागरिकों और देश को कोरोना की तीसरी लहर से बचाने की प्रार्थना की। टेमला रोड स्थित जिला जेल में भी रक्षाबंधन पर बहनें सजा काट रहे भाइयों को राखी बांधने के लिए पहुंची। जेल प्रबंधन द्वारा परिसर में बहनों के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी।