भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रिमंडल के सदस्यों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कोटि कोटि शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की है। चौहान ने अपने शुभकामना संदेश में लिखा है, ‘मां भारती के नवनिर्माण में एक तपस्वी की भांति दिनरात सेवा में रत रहने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस पर एक बार पुन: मेरी और प्रदेशवासियों की ओर से कोटि कोटि शुभकामनाएं। साथ ही प्रण कि आपके सपनों के भारत के निर्माण में हम सब अपना हरसंभव योगदान देंगे।’  

  चौहान ने  मोदी के जन्मदिवस पर एक विशेष लेख के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि  मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। यह ऐसा भारत है जो आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करता हो और आत्मनिर्भर बनने को संकल्पित हो। अब भारत पुन: समृद्धशाली, शक्तिशाली, वैभवशाली, संपन्न और सशक्त होने के गौरव को प्राप्त कर रहा है।  मोदी के नेतृत्व के सात वर्ष हमारे इतिहास के स्वर्णिम वर्षों में से एक है। राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ के कारण विश्व मंच पर आतंकी फडिंग पर कार्रवाई और अन्य कदमों से सीमा पर भी आतंक पर नियंत्रण हुआ है।

   चौहान ने दो पेज से अधिक के इस लेख में  मोदी के साहसिक कदमों के साथ ही उनके कृतित्व का जिक्र करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना ईश्वर से की है। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत, मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, अन्य पार्टी नेताओं, राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और अन्य मंत्रियों ने भी  मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।   

 मोदी के जन्मदिन पर आज राज्य में ‘कोरोना वैक्सीनेशन महाअभियान थ्री’ भी प्रारंभ किया गया है। सरकार की ओर से अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश भाजपा संगठन की ओर से भी अनेक कार्यक्रम आज शुरू किए जा रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *