मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की सभी छह विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें तीन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी चुनाव जीते, तो वहीं कांग्रेस ने भी तीन सीट जीत लिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सबलगढ़ में भाजपा प्रत्याशी सरला रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के बैजनाथ सिंह कुशवाह को 9 हजार 805 मतों से पराजित किया। श्रीमती रावत को 66 हजार 787 मत और बैजनाथ सिंह कुशवाह को 56 हजार 982 मत प्राप्त हुए।

इसी प्रकार जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 04 जौरा से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज उपाध्याय 30 हजार 281 मतों से विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सूबेदार सिंह रजौधा को पराजित किया। श्री उपाध्याय को 89 हजार 253 और सूबेदार सिंह रजौधा को 58 हजार 972 मत मिले।

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 05 सुमावली से भाजपा उम्मीदवार ऐदल सिंह कंषाना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी के कुलदीप सिंह सिकरवार को 16 हजार 08 मतों से हराया। श्री कंषाना को 72 हजार 508 मत और श्री सिकरवार को 56 हजार 500 मत हासिल हुए।

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 06 मुरैना से कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश सिंह गुर्जर ने विजय हासिल की। श्री गुर्जर को कुल 73 हजार 695 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के रघुराज सिंह कंषाना को 53 हजार 824 मत मिले। इस प्रकार श्री गुर्जर 19 हजार 871 मतों से विजयी घोषित किए गए।

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 07 दिमनी से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह तोमर ने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार बलवीर सिंह डंडोतिया को 24 हजार 461 मतों से पराजित किया। श्री तोमर को 79 हजार 137 और श्री डंडोतिया को 54 हजार 676 मत प्राप्त हुए।

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 08 अम्बाह (अजा) से कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र रामनारायण सखवार विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के कमलेश जाटव को 22 हजार 109 मतों से हराया। श्री सखवार को 79 हजार 274 व श्री जाटव को 57 हजार 165 मत मिले।

मतगणना दिवस को प्रातः काल लगभग 08 बजे सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम पूरी पारदर्शिता के साथ खोले गए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकगण एवं प्रत्याशी और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोले गए।