भोपाल।  प्रदेश में चुनावी मानसून खत्म हो चुका है, अब तबादलों की झड़ी लगने वाली है। संभवत: अगस्त की शुरुआत में होने वाले तबादलों में 21 कलेक्टर 16 एसपी के अलावा राज्य पुलिस एवं प्रशासनिक सेवा के अफसरों की बड़ी संख्या में बदली होने वाली है। कलेक्टरों के तबादले की मुख्य वजह लंबा कार्यकाल और निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हो सकता है। इसके अलावा नगर निगम उपायुक्त और प्राधिकरणों में भी अफसरों की नई जमावट होगी।

इन कलेक्टरों की हो सकती है बदली

जबलपुर टी. इलैया राजा, रीवा मनोज पुष्प, छिंदवाड़ा सौरभ सुमन, उज्जैन आशीष सिंह, ग्वालियर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, सिंगरौली राजीव रंजन मीणा, मुरैना वक्की कार्तिकेय, टीकमगढ़ सुभाष द्विवेदी, कटनी प्रियंक मिश्रा का तबादला होना तय है। इसके अलावा देवास कलेक्टर चंद्रमौलि शुक्ला, रतलाम नरेंद्र सूर्यवंशी को भी हटाया जा सकता है। कलेक्टरों के तबादले थोकबंद न होकर अलग-अलग सूची में होंगे।

इन जिलों के कलेक्टर भी बदलेंगे

मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार अशोकनगर, श्योपुर, उमरिया, पन्ना, बड़वानी, शाजापुर, सीधी, शिवपुरी, शहडोल, बुरहानपुर, सिवनी, सागर, आगर-मालवा और डिंडौरी, मंडला कलेक्टर भी बदले जाना हैं। हालांकि श्योपुर कलेक्टर शिवम वर्मा कटनी, प्रेम शर्मा सागर, दीपक आर्य को दूसरा जिला मिल सकता है।