भोपाल। मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन महाअभियान का दूसरा चरण शुरू हो गया है। अभियान के पहले दिन शाम 5 बजे तक 17 लाख 40 हजार 250 लोगों को टीका लग चुका है। सबसे ज्यादा इंदौर में 1 लाख 5 हजार 675 लोगों को वैक्सीन लगी। दूसरे नंबर पर उज्जैन शहर है। यहां 1 लाख 63 लोगों को टीका लगा है। जबलपुर,, सागर और रीवा ने भोपाल को भी पीछे छोड़ दिया है। भोपाल में 56 हजार 365 को टीका लगा है, जबकि देवास में 62 हजार 976, सागर में 58 हजार 200, रीवा में 57 हजार 705, जबलपुर में 57 हजार 270 और रतलाम में 51 हजार 36 लोगों को वैक्सीन लगी है।

प्रदेश में दो दिवसीय महाअभियान की बुधवार से शुरुआत हुई है। पहले दिन प्रदेश में 20 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन ऑनलाइन और ऑनसाइट दोनों तरह से टीका लगाया जा रहा है। इसके साथ ही इस बार वैक्सीन लगवाने वालों के हाथों पर पहले और दूसरे डोज का स्टैम्प भी लगाया जा रहा है। इसमें पहले डोज में एक और दूसरे डोज में दो राइट के निशान भी बने हैं।

लोगों को प्रेरित करने के लिए आपदा प्रबंधन समूहों, स्वयं सेवी संस्थाओं, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथिया कार्यकर्ताओं एवं सार्थक पोर्टल पर रजिस्टर्ड वांलेटियर को एक से पांच लोगों को वैक्सीन सेंटर पर लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हालांकि अभियान के तहत महज एक लाख डोज ही राजधानी को मिल पाए है। इसमें से 23 हजार डोज पहले से उपलब्ध हैं और 76 हजार डोज टीकाकरण महाअभियान के लिए मिले हैं। इस तरह एक लाख लोगों को आज वैक्सीन लगाई जाएगी। जिसमें 80 फीसद कोविशील्ड और 20 फीसद कोवैक्सीन है। इसमें से बची हुई वैक्सीन में से गुरुवार को अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। इस दौरान निजी व सरकारी अस्पताल, वार्डों, कॉलोनियों, हाउसिंग सोसायटी के साथ गली-मोहल्लों में नगर निगम और एसडीएम की मोबाइल टीम टीकाकरण करवा रही । इसके लिए शहर में 554 स्थायी केंद्र और 150 मोबाइल टीम बनाई गई हैं। महाअभियान के तहत भोपाल जिले में कुल 704 शिविरों में लोगों को टीका लगाया जा रहा है। टीकाकरण को लेकर लोगों भी उत्‍साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्‍या में लोग आसपास स्‍थित केंद्रों पर टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। इस दौरान लोगों के हाथों पर पहली बार टीका लगवाने का ठप्‍पा भी लगाया जा रहा है।

इन चार जगहों पर 24 घंटे टीकाकरण

महाअभियान में 100 प्रतिशत टीकाकरण का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जिले की चार संस्थाओं काटजू चिकित्सालय, सरदार पटेल स्कूल करोंद, सरोजनी नायडू स्कूल शिवाजी नगर, रशीदिया स्कूल जहांगीराबाद में 24 घंटे टीकाकरण चल रहा है। मोबाइल यूनिट द्वारा भी टीकाकरण कार्य पूर्ववत जारी रहेगा।

राजधानी में पौने तीन लाख लोगों का सेकंड डोज लंबित

स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की मानें तो भोपाल में करीब दो लाख 76 हजार 884 लोगों का टीका का दूसरा डोज लंबित हैं। इनमें दो लाख 47 हजार 836 को कोविशील्ड और 29 हजार 48 को कोवैक्सीन का डोज लगना है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कलेक्टर कार्यालय में बैठक करते टीकाकरण महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को महाअभियान में अधिक से अधिक वैक्सिनेशन कराने के लक्ष्य दिए हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को 50 हजार वैक्सीन लगवाने का लक्ष्य भी दिया है।

दो दिन में लगेंगे 1.10 लाख डोज

ज्ञात हो कि राजधानी में 25 अगस्त (बुधवार) को 80 हजार लोगों को टीका लगाया जाएगा। इस दौरान फर्स्ट और सेकंड डोज लगेगा। जबकि 26 जुलाई (गुरुवार) को सिर्फ सेकंड डोज वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। गुरुवार को 30 हजार लोगों का टीकाकरण होगा। बुधवार के लिए 20 हजार लोगों ने ऑनलाइन स्लाट बुक कर लिए है। इसमें 10 हजार कोविशील्ड तो 10 हजार को वैक्सीन के स्लाट बुक हुए है।

मैसेज नहीं मिला तो करें 1075 पर फोन

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों को फर्स्ट डोज लगने के बाद मैसेज और सर्टिफिकेट नहीं मिला, वे लोग 1075 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिस सेंटर पर उन्हें फर्स्ट डोज लगाया गया था। उसी सेंटर के वैक्सीनेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर से बात करके वर्तमान तिथि में फर्स्ट डोज का रजिस्ट्रेशन कर सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। अगर नाम, उम्र, फोटो आइडी में कोई सुधार करना है तो कोविन पोर्टल पर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर ‘रेज माई इश्यू’ पर समस्या दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद सुधार के लिए सिर्फ एक मौका दिया जाएगा। एक हफ्ते में ये सर्टिफिकेट अपडेट हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *