भोपाल। प्रदेश सरकार ने अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे से जुड़े सवाल का विधानसभा में जवाब देने से इंकार कर दिया। गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने सिर्फ इतना कहा कि मामला न्यायालय में है। ऐसे में प्रकरण से जुड़ी कोई भी जानकारी नहीं दी जा सकती है। कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने कटारे को प्रिंशु सिंह एवं विक्रमजीत सिंह द्वारा ब्लैकमेल करने और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मि मिश्रा पर झूठा फंसाने के आरोपों को लेकर जानकारी मांगी थी।
सोशल मीडिया पर छाए रहे विधायक हेमंत कटारे के मामले में कांग्रेस विधायक अकील ने वस्तुस्थिति जानने के लिए सवाल लगाया था। इसमें पूछा गया कि क्या कटारे से पैसा वसूलने के लिए प्रिंशु सिंह एवं विक्रमजीत सिंह ने षड्यंत्र रचा था। क्या प्रिंशु सिंह ने स्वयं मोबाइल पर वीडियो बनाकर विक्रमजीत सिंह को व्हॉटसएप भेजा, जो वायरल किया गया था। अकील ने पूछा कि जेल में बंद प्रिंशु के आवेदन पर कटारे के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मि मिश्रा पर प्रिंशु को झूठा फंसाने के आरोप लगाए गए हैं। क्या विक्रमजीत सिंह को किसी का संरक्षण प्राप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार इसकी सीबीआई से जांच कराएगी। इन सभी सवालों का गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रकरण हाई कोर्ट में विचाराधीन है। इस कारण फिलहाल कोई भी जानकारी देना न्यायसंगत नहीं होगा।