इंदौर। दो साल बाद मंगलवार को निकली रंगपंचमी की गेर ऐतिहासिक हो गई। इसमें 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। गोराकुंड, इतवारिया बाजार, नरसिंह बाजार से शुरू हुई गेर में लोगों की भीड़ राजवाड़ा से जवाहर मार्ग तक देखी गई। लोगों को वाहन पार्किंग की जगह नहीं मिल रही थी। गेर के बाद अब राजवाड़ा समेत पूरे शहर में रंगपंचमी खेली जा रही है।
कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि गेर में 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए हैं। यह पहले से दोगुना हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी गेर कही जा सकती है। राजवाड़ा से रीगल तिराहे तक गेर का ही हुजूम दिखाई दे रहा था। इस बार राजवाड़ा में पैर रखने की भी जगह नहीं थी।
राधाकृष्ण फाग यात्रा में भगवा ध्वज लेकर चले युवा
मोरल क्लब की पहली गेर रंग उड़ाते हुए सबसे आगे चल रही थी। इसके बाद राजवाड़ा पर हिन्द रक्षक संगठन की फाग यात्रा पहुंची। राधा कृष्ण फाग यात्रा में सबसे आगे भगवा ध्वज लेकर युवक चल रहे थे। सभी भारत माता की जय के जयघोष लगा रहे थे। शहीद CDS बिपिन रावत को भी श्रद्धांजलि देते हुए एक ट्रक सबसे आगे चल रहा था।
रंग पंचमी के गेर निकलने के तत्काल बाद नगर निगम द्वारा गेर मार्ग की साफ-सफाई की गई। 10 स्वीपिंग मशीनें और 700 सफाई कर्मचारी लगा कर गेर मार्ग की साफसफाई की गई। दोपहर 3:10 राजवाड़ा क्षेत्र में सफाई करने उतरे और 4:15 पर राजवाड़ा क्षेत्र पूरा चकाचक हो गया।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी अखिलेश उपाध्याय की देखरेख में राजवाड़ा क्षेत्र में चार सीएसआई और लगभग 200 सफाई मित्रों ने मात्र 25 मिनट में राजवाड़ा और उसके आसपास की सड़कों की सफाई कर दी। लगभग 10 डंपर जूते चप्पल और कचरा इस क्षेत्र से निकला। स्वास्थ्य विभाग के अपर आयुक्त संदीप सोनी भी पूरे समय रहे मौजूद।
शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई
अलग-अलग रंग के साथ मोरल क्लब ने इस बार शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अभिमन्यु मिश्रा और अन्य कार्यकर्ताओं ने बताया कि गेर में 20 से अधिक ट्रैक्टर, 3 कंप्रेसर मशीन और 3 मिसाइल से रंग और गुलाल बरसाए गए।
कलेक्टर बोले- महिलाओं की सुरक्षा के खास इंतजाम
कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि दो साल बाद निकल रही गेर को लेकर पुलिस-प्रशासन विशेष अलर्ट पर थे। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने कहा कि सादे कपड़ों में भी पुलिस के जवान भीड़ में असामाजिक तत्वों पर नजर रख रहे थे।