ग्वालियर। शहर के हुरावली इलाके में देर रात घर में घुसकर धारदार हथियारों से एक छात्र पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या की वजह एक मामले में छात्र का गवाह होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर पांच लोगों को नामजद कर लिया है। वहीं वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरौल थाना अंतर्गत हुरावली क्षेत्र के जाटव मोहल्ला निवासी पारस जौहरी उम्र 19 साल पुत्र राजेन्द्र जाटव की 5-7 लोगों ने धारदार हथियार से घर में घुसकर हत्या कर दी। सिरौल थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया है कि मृतक की मां इंद्रा के अनुसार पारस रात में अपने दो अन्य भाईयों के साथ पहली मंजिल पर पढाई कर रहा था। इसके बाद उसके दोनों भाई नीचे सोने आ गए और पारस ऊपर कमरे में अकेला सो गया। देर रात करीबन 1-30 बजे पारस लहूलुहान हालत में नीचे आया। वह बोलने में असमर्थ था। शरीर पर गहरे घाव थे। तत्काल एम्बूलेंस की सहायता से अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
बकौल थाना प्रभारी इंद्रा ने बताया है पारस की आवाज सुनकर जब वह छत पर गई तो देखा कि आरोपी उदयवीर बघेल, अनिल बघेल, जीतू बघेल, उमेश बघेल व कृष्ण बघेल सभी हुरावली निवासी पड़ौसी ज्ञान सिंह जाटव की छत से भाग रहे हैं। मृतक की मां ने दिनेश उर्फ लल्ला व देशराज बघेल पर भी संदेह जताया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को नामजद कर लिया है जबकि दो संदेह के दायरे में हैं।
पारस के मामा लाल किशन जाटव के मुताबिक पारस एक मामले में गवाह था। इसी मामले के आरोपियों ने धारदार हथियार से हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।