इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर की जानकी नगर में रहने वाली उच्च शिक्षित 27 वर्षीय कृति कोठारी त्याग, संयम एवं वैराग्य की राह पर चलने के लिए तत्पर हो चुकी हैं। वह 21 फरवरी को एयरपोर्ट रोड स्थित महावीर बाग में आयोजित एक समारोह में जैन धर्म की दीक्षा ग्रहण करेंगी।

दीक्षा गच्छाधिपति आचार्य मणिप्रभसागर महाराज प्रदान करेंगे। इसके पहले बुधवार को जानकी नगर स्थित उपाश्रय में दीक्षार्थी ने महोत्सव की पहली कुमकुम पत्रिका तीर्थंकर के नाम लिखी। इसकी शुरुआत साध्वी विरलप्रभा श्रीजी एवं विपुलप्रभा श्रीजी के सान्निध्य में हुई।

इसके बाद जानकी नगर सकल संघ एवं दीक्षार्थियों के स्वजन ने 21 वरिष्ठ श्रावकों के साथ भगवान के नाम की पत्रिका लिखकर उन्हें अर्पण की। इस मौके पर समाज की युवतियों और बालिकाओं ने भजनों पर नृत्य प्रस्तुत कर अपनी खुशियां भी व्यक्त की। महोत्सव समिति के प्रचार प्रमुख नवीन जैन ने बताया कि बुधवार सुबह दीक्षार्थी का जानकी नगर एक्सटेंशन स्थित निवास से सामैया भी निकाला गया। इसमें दीक्षार्थी बहन एक कार पर नृत्य करते हुए सवार होकर जानकी नगर उपाश्रय पहुंचीं।

समाज के अनेक भाई-बहन इस सामैया में परंपरागत वेशभूषा में शामिल थे। उपाश्रय में कुमकुम पत्रिका लेखन में आए वरिष्ठ श्रावकों ने चुनरी-जरी वाले साफे पहने हुए थे। इसके साथ ही 11 दिवसीय दीक्षा महोत्सव की शुरुआत हो गई है। दीक्षा का मुख्य महोत्सव महावीर बाग में 21 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें देशभर के समाज बंधु एवं अनेक साधु, साध्वी, भगवंत शामिल होंगे। इस मौके पर अनिल चैरड़िया एवं संजय कटारिया उपस्थित थे। संचालन दिनेश डोसी ने किया। आभार अध्यक्ष दिलसुखराज कटारिया ने माना।