भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने अब भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर तंज कसा है। उन्होंने एक बार फिर ट्वीट के जरिए कहा है कि लोकतंत्र खतरे में है और मोदी-शाह सरकार के मंत्री आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। यह आशीर्वाद यात्रा नहीं, चंदा वसूली यात्रा है।
गौरतलब है कि मोदी कैबिनेट के मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय राज्यमंत्री एसपीएस बघेल मध्यप्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा (Jan Ashirwad Yatra. ) निकाल रहे हैं।
प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह (digvijay singh) ने इस यात्रा पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा है कि लोकतंत्र खतरे में है और मोदी-शाह सरकार के मंत्री आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। किस बात का आशीर्वाद? देश को बर्बाद करने का? आशीर्वाद यात्रा नहीं है, यह चंदा वसूली यात्रा है। इसका तो देश में विरोध होना चाहिए।
19 राज्यों में निकलेगी यात्रा
भाजपा जनता से जुड़ाव के लिए एक बार फिर यात्रा निकाल रही है, इस बार यात्रा का नाम जन आशीर्वाद यात्रा है। इसकी शुरुआत के लिए मोदी सरकार के 39 कैबिनेट मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है, जो 19 राज्यों के 265 जिलों से होकर यात्रा निकालेंगे और 19 हजार 567 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इस दौरान 212 लोकसभा क्षेत्र भी कवर हो जाएंगे। मध्यप्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया, एसपीएस बघेल मंगलवार को जन आशीर्वाद यात्रा में व्यस्त रहे।
दिग्विजय सिंह ने महंगाई पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत में महंगाई चरम सीमा पर, बेरोज़गारी चरम सीमा पर, अर्थव्यवस्था बिगड़ रही है, रुपये का अवमूल्यन हो रहा है, शासकीय संपत्ति बेचीं जा रही है, सरकार पर क़र्ज़ बड़ता रहा है, सामाजिक समरसता समाप्त हो रही है, सरहद पर सुरक्षा व्यवस्था ख़तरे में है, महिलाओं, अजा/अजाजा पर अपराध बढ़ रहें।