भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार देर शाम जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जबलपुर के बाजना मठ मंदिर से लगे ऐतिहासिक तालाब संग्राम सागर की स्वच्छता के लिये श्रमदान किया। करीब 40 एकड़ क्षेत्र में फैले इस तालाब को गोंड राजा संग्राम शाह द्वारा 16वीं सदी में बनवाया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संग्राम सागर तालाब की स्वच्छता के लिये श्रमदान करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी में मनुष्य रूप में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। मनुष्य के लिए सम्पूर्ण पृथ्वी ही उसका घर है। इस दृष्टि से पृथ्वी की जल धरोहर को संवारने एवं सहजने का हम सब का दायित्व है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोंडवाना साम्राज्य की रानी दुर्गावती द्वारा किये गये विकास एवं जल संवर्धन के कार्यो का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति सरकार की प्रतिबध्ता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस को एक दिवसीय कार्यक्रम के रूप में न मनाकर “जल-गंगा संवर्धन अभियान” के रूप में 5 जून से 16 जून का सम्पूर्ण पखवाड़ा जल संरक्षण एवं संवर्धन के रूप में मनाने का फैसला लिया है। जल-गंगा संवर्धन अभियान में संपूर्ण प्रदेश के प्रत्येक जिले में नदी, तालाबों, चैकडेम पुरानी बावडि़यों की जन सहयोग से साफ-सफाई तथा जल संरचनाओं के पुनर्जीवन का महाभियान सम्पूर्ण प्रदेश में जारी है।

जनसभा की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1373 करोड़ रुपये लागत के 48 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कुंडम की महिला स्व सहायता समूह द्वारा कोदो-कुटकी के उत्पादों को सांची पार्लर में विक्रय करने दुग्ध संघ के साथ करार भी किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभांवित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की बेहतरी एवं सामाजिक सरोकार की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए कोई भी कसर सरकार नहीं छोडेगी। उन्होंने आश्व्स्त किया कि उद्योगों के निर्माण एवं रोजगार सृजन की दिशा में सरकार लगातार ठोस कदम उठायेगी। डॉ. यादव द्वारा उपस्थित जन समुदाय के समक्ष जल्द ही जबलपुर से रीवा, भोपाल तथा सिंगरौली के लिए एयर टेक्सी सेवा प्रारंभ करने की घोषणा की। साथ ही बताया कि प्रदेश के आम नागरिकों के बेहतर उपचार एवं सुविधा के लिए एयर एम्बुलेंस की सुविधा दी जायेगी।