नई दिल्ली। ज्योतिरादित्य सिंधिया के केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री बनने पर पूर्व मंत्री इमरती देवी उन्हें बधाई देने के लिए दिल्ली पहुंचीं। यहां वे सिंधिया को सामने देखते ही भावुक हो गईं और आंखों से आंसू निकलने लगे। यह देख सिंधिया आगे बढ़े और भावुक होकर इमरती देवी को गले लगा लिया। दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक मुलाकात चली। बातचीत के दौरान इमरती के चेहरे पर मुस्कान थी और वे ‘महाराज साब’ के मंत्री बनने से खासी गदगद दिखाई दीं। सिंधिया ने यह भी बताया कि वह शुक्रवार रात तक ग्वालियर पहुंच सकते हैं।
दरअसल, मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में बड़ा फेरबदल और मंत्रिमंडल में विस्तार किया गया है। इसमें भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया। सिंधिया के मंत्री बनने के पीछे उन सभी विधायकों का बड़ा योगदान माना जा रहा है, जिन्होंने कांग्रेस से भाजपा में जाते समय अपने मंत्री और विधायक के पद को दांव पर लगा दिया। इन्हीं में से एक पूर्व मंत्री इमरतीदेवी हैं। वे इसके बाद हुए विधानसभा उपचुनाव में हार गईं।
बुधवार को सिंधिया ने केंद्रीय मंत्री पद की शपथ ली और उनको नागरिक उड्डयन मंत्रालय मिला तो गुरुवार को इमरती देवी उनसे मुलाकात करने दिल्ली पहुंचीं। वह मंत्रालय स्थित सिंधिया के दफ्तर पहुंचीं और उनसे मुलाकात कर केंद्रीय मंत्री बनने की बधाई दी। दोनों की मुलाकात काफी इमोशनल हुई है।
जब इमरती देवी ने कहा कि मंत्री बनने की बधाई हो महाराज साहब तो सिंधिया ने मुस्कुरा कर अभिवादन स्वीकार किया। इसी समय इमरती देवी भावुक हो गईं और उनकी आंखें आंसू से भर आईं। इमरती के चेहरे पर खुशी के आंसू देखकर सिंधिया से भी रहा नहीं गया और वह भी भावुक हो गए। उन्होंने आगे बढ़कर तत्काल इमरती देवी को गले लगा लिया। इमरती देवी ने बताया कि सिंधिया शुक्रवार शाम या रात तक ग्वालियर आ सकते हैं।