भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को प्रदेश भर में सरकार और भाजपा संगठन की ओर से पौधरोपण और वैक्सीनेशन महाभियान की शुरुआत की गई। मुख्य कार्यक्रम राजधानी के स्मार्ट पार्क में हुआ जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ एक साथ 75 पौधे रोपे। साथ ही कोरोना से मुक्ति के लिए वैक्सीनेशन महाभियान शुरू करने की जानकारी दी। उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जबलपुर में सुप्तेश्वर मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ में शामिल होने के बाद कटनी में पौधरोपण किया।

प्रदेश भर में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से पौधरोपण और वैक्सीनेशन के कार्यक्रम में हिस्सा लिया गया। राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी को ज्ञान, कर्म और भक्ति का त्रिवेणी संगम बताते हुए कहा कि आज पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश के 75 हजार स्कूलों में कम से कम एक पौधा रोपा जा रहा है। साथ ही उसकी सुरक्षा का भी इंतजाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे रोज एक पौधा रोपते हैं और आज इस अभियान को 211 दिन हो गए हैं। प्रदेश में आज 100 स्थानों पर रुद्राक्ष का एक पौधा रोपा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि आजादी का 75 महोत्सव वर्ष शुरू हो गया है, इसलिए पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ आजादी के महोत्सव को ध्यान में रखते हुए एक साथ 75 पौधे रोपे गए हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने जबलपुर के सुप्तेश्वर मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु के लिए हनुमान चालीसा पाठ में हिस्सा लिया। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को इंदौर में मल्हार आश्रम में आयोजित अग्निहोत्र यज्ञ में शामिल होकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए आहुति दी। वे पौधरोपण कार्यक्रम में भी पार्टी नेताओं सुदर्शन गुप्ता व अन्य नेताओं के साथ
शामिल हुए।

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवाजीनगर स्थित सरोजनी नायडू स्कूल पहुंचकर अभियान की शुरुआत की। इसके लिए वे एक दिव्यांग युवक की व्हीलचेयर को खुद चलाते हुए पैरामेडिकल स्टाफ तक लेकर गए। वैक्सीनेशन के दो महा अभियान सफल होने के बाद आज तीसरा वैक्सीनेशन महा अभियान आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और स्वास्थ्य मंत्री डॉॅ. प्रभुराम चौधरी शिवाजीनगर स्थित सरोजनी नायडू स्कूल पहुंचकर अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रदेशभर के 13 हजार सेंटरों में 32.20 लाख डोज लगाने का टारगेट तय किया गया है। इसके पहले 21 जून के महा अभियान में 17 लाख एवं 25 अगस्त के दूसरे महा अभियान में 24 लाख डोज लगाए गए थे। स्टेट वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि इस बार पिछले रिकार्डों से भी ज्यादा टीक ाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अब तक प्रदेश में 53743558 डोज लगाए जा चुके हैं। इसमें फर्स्ट के 43075090 एवं सेकंड के 10668468 डोज शामिल हैं। आज सुबह 12 बजकर 30 मिनट तक  प्रदेशभर में 522477 डोज एडमिट हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *