भोपाल। इंदौर कांग्रेस के दो पूर्व विधायकों ने बीजेपी ज्वाइन कर ली है। इंदौर-1 के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और देपालपुर के पूर्व विधायक विशाल पटेल आज शनिवार सुबह भोपाल स्थित BJP कार्यालय पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी, धार के पूर्व सांसद गजेंद्रसिंह राजूखेड़ी ने भी BJP जॉइन कर ली है।

कांग्रेस नेताओं ने सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के सामने प्रदेश कार्यालय में भाजपा जॉइन की। सूत्रों की मानें तो सुरेश पचौरी की भाजपा नेताओं से बातचीत चल रही थी। इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 11 बजे देखिए इंदौर से बड़ा लॉट आने वाला है।

पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आजादी के बाद गांधी जी ने कहा था, कांग्रेस आजादी का आंदोलन था, कांग्रेस भंग कर देनी चाहिए, लेकिन पं. जवाहर लाल नेहरू ने कांग्रेस को भंग नहीं होने दिया। उन्होंने राजनीतिक लाभ उठाया। राहुल गांधी अब गांधी जी इच्छा पूरी करेंगे। राहुल कांग्रेस को समाप्त करने के लिए निकले हैं।

धार में बदलेंगे समीकरण

भाजपा ने 2024 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पांच सीटें होल्ड रखी हैं। ऐसे में संभावना यह है कि गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी के भाजपा जॉइन करने के बाद धार सीट पर समीकरण बदल सकते हैं। हो सकता है कि गजेंद्र सिह राजूखेड़ी धार से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ते नजर आए।