मध्य प्रदेश के राजगढ़ में लोकायुक्त ने छापामार कार्रवाई की है। मत्स्य विभाग का कर्मचारी 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया है। टीम की कार्रवाई जारी है। कुंडलिया डैम में ठेकेदार अनवर कादरी ने बताया कि जिला मत्स्य महासंघ महिला अधिकारी सुरेखा सराफ और आउटसोर्स कर्मचारी मुबारीक गौरी ने उस पर झूठी कार्रवाई की धमकी थी। जिसके बाद उन्होंने कार्रवाई न करने के नाम पर हर महीने 3 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी।

नए-नए तरीकों से किया जा रहा था परेशान

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी और कर्मचारी ने डैम का नुकसान कर दिया। 50 नाव वालों को भगा दिया। नए-नए तरीकों से परेशान किया जा रहा था। मर्जी से टोल बढ़ाया जा रहा है।

टीम ने रंगे हाथों कर लिया ट्रैप

1 अप्रैल को इसकी शिकायत लोकायुक्त में कर दी। जिसके बाद टीम ने प्लान बनाया। आज इसकी पहली किश्त लेने के लिए जैसे ही आरोपी पहुंचा, टीम ने उसे रंगे हाथों ट्रैप कर लिया।

महिला अधिकारी नहीं पकड़ाई

निरीक्षक रजनी तिवारी ने बताया कि इंदौर के अनवर कादरी वार्ड 58 में पार्षद भी हैं। उन्होंने अपने पार्टनर के साथ मिलकर कुंडलिया डैम में मछली का ठेका लिया है। नवंबर से जब से उन्होंने काम किया था, तब से महिला अधिकारी सुरेखा सराफ उन्हें परेशान कर रही थी। वह झूठी कार्रवाई कर शासन से टेंडर निरस्त करने की धमकी दे रही थी। इसके एवज में हर महीने 3 लाख की डिमांड कर रही थी। जिसके बाद महिला अधिकारी ने कर्मचारी को पैसा देने के लिए कहा। फ़िलहाल सुरेखा सराफ नहीं मिली हैं। आरोपी पकड़ा गया है।