मंदसौर। मध्यप्रदेश के उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने छापामार कार्यवाही करते हुए मंदसौर की नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ शोभाराम परमार को गिरफ्तार किया है। सीएमओ शोभाराम एक किसान से 5 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे थे। उसी समय उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। शोभाराम परमार मूल रूप से राजस्व निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है।
मंदसौर के दलोदा के रहने वाले कन्हैया लाल धाकड़ ने 15 सितंबर को लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत की थी कि नगर परिषद द्वारा गर्मी में पानी की समस्या होने पर विज्ञप्ति के जरिए पानी सप्लाई का टेंडर जारी किया था। मार्च 2021 में टेंडर खुला, प्रतिदिन ट्यबवेल से पानी सप्लाई करने का पत्र दिया गया। परिषद ने हर दिन 4 घंटे पानी देने के एवज में 15 हजार रुपए हर महीना देने का एग्रीमेंट किया।
नगर परिषद ने फरवरी से जून तक का पेमेंट कर दिया लेकिन जुलाई के 15 दिनों का बकाया पेमेंट 7 हजार 500 रुपए रोक लिया गया। इसके लिए 5 हजार की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के बाद उज्जैन लोकायुक्त ने नगर परिषद के सीएमओ शोभाराम परमार को 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।