मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के नारायणगढ़ में एक दुखद घटना हुई। काचरिया चौपाटी पर एक कार कुएं में गिर गई। कार में 7 से ज्यादा लोग सवार थे। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुएं में गिरे लोगों को बचाने की कोशिश में मनोहर सिंह (उम्र 40 साल) नामक एक स्थानीय युवक की मौत हो गई।

कार में 7 लोग सवार थे। हादसे में 9 लोगों की मौत की सूचना है। मरने वालों में कार सवार 7 लोग, बाइक सवार 1 बुजुर्ग और बचाने कूदा 1 युवक शामिल हैं। यह घटना तब हुई जब कार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर कुएं में जा गिरी। कुएं में गिरने के बाद कार से एलपीजी गैस का रिसाव होने लगा, जिससे अंदर फंसे लोगों का दम घुटने लगा।

एक स्थानीय युवक ने कार सवारों को बचाने की कोशिश की। वह कुएं में कूद गया लेकिन गैस रिसाव के कारण उसका भी दम घुट गया और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीओपी, थाना प्रभारी और एसडीएम सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन की मदद से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश भी चल रही थी।

कुएं में से एक महिला, एक छोटी बच्ची और एक किशोर को जिंदा निकाला गया। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। बाकी लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग उज्जैन जिले के उन्हेल तहसील के रहने वाले थे। वे उन्हेल से नीमच जा रहे थे।