भोपाल। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से भारतीय जनता पार्टी विधायक राकेश गिरी का एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भाजपा विधायक प्रभारी मंत्री के सामने एक शख्स पर राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम पर वसूली करने का आरोप लगा रहे हैं।
दरअसल यह वीडियो 28 मई को कलेक्ट्रेट में क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक के दौरान का है। जहां बहस की शुरुआत टीकमगढ़ सांसद वीरेंद्र कुमार खटीक और विधायक आकाश गिरी से हुई थी। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसमें देखा जा सकता है कि मीटिंग में राकेश तेज आवाज में चीख रहे हैं। इस दौरान वहां राज्य मंत्री औऱ जिला प्रभारी सुरेश धाकड़ भी मौजूद हैं। तभी राकेश ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में किसी को भी चुप नहीं रहना चाहिए।
भाजपा विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि विकास यादव नाम का एक व्यक्ति सिंधिया के नाम पर चंदा वसूली कर रहा है। उसने महिला बाल विकास से भी इसी नाम पर पैसे वसूले हैं और वह ब्राम्हणों पर अत्याचार भी कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि वह हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। चाहे उन्हें इसके लिए इस्तीफा ही क्यों न देना पड़ जाए। वह इसके लिए जेल जाने को भी तैयार है।