ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की अमायन थाना पुलिस पर आगजनी के तीन आरोपियों को छुड़ाने आए आधा दर्जन बदमाशों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों को पुलिस वाहन से उतारकर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड लिया है तथा एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक करीब एक महीने पहले भिण्ड जिले के अमायन थाना क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष के आरोपियों ने दूसरे पक्ष की मारपीट करते हुए आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने दोनों पार्टियों पर क्रॉस केस कायम किया था। इस घटना में अमायन पुलिस ने भानू खटीक, बलराम और रामलखन को आरोपी बनाया था। इन तीन आरोपियों को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकडा था। अमायन पुलिस इन आरोपियों को लेकर भिण्ड जिले के मेहगांव न्यायालय में पेश करने के लिए ला रही थी।

आरोपियों को छुड़वाने के लिए मारुतिबेन में सवार होकर आए बदमाशों ने अमायन और मेहगांव के बीच पुलिस को घेर लिया। करीब एक दर्जन बदमाश लाठी ड़डों और हथियार से लैस थे। उन्होंने पुलिस वाहन के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी और पुलिस पर टूट पड़े। बताया जाता है कि बदमाशों ने तीनों आरोपियों को हथियार की नोंक पर छुड़ाया और लेकर भाग खड़े हुए। इस दौरान पुलिस जवानों और बदमाशों से झूमाझटकी भी हुई। इस घटना की जानकारी लगते हुए मेहगांव, अमायन, भारौली और गोहद क्षेत्र का पुलिस बल बीहड़ में सर्चिंग में जुट गया। बदमाशों ने स्वयं को घिरा हुआ देखा तो वे अपने वाहन को रास्ते में छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने पांच घंटे तक सर्चिंग की इस दौरान बलराम और रामलखन को बीहड़ से पकड लिया है। पुलिस एक आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

भिण्ड जिले के मेहगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) राजेश राठौर ने आज यहां बताया कि आगजनी के तीन आरोपियों को बदमाश व उनके परिजन छुड़ा ले गए थे। दो को पुलिस ने पकड लिया। एक की तलाश जारी है। बदमाश ओमनी कार व बाइकों पर सवार होकर आए थे। सभी ने पुलिस पर हमला कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *