भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में शिवराज ने कहा कि कल्याण सिंह के जाने से भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हो गया। वे राष्ट्रभक्त, रामभक्त, तपोनिष्ठ, कर्तव्यनिष्ठ थे तथा उन्होंने अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने कल उनके गृह ग्राम नरौरा जाएंगे।
कल्याण सिंह राजस्थान के राज्यपाल भी रहे। चौहान ने कहा कि कल्याण सिंह ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अपनी सरकार बलिदान कर दी। वे गरीबों, पिछड़ों, दलितों, किसानों के कल्याण के लिए हमेशा कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह कुशल एवं कठोर प्रशासक थे तथा हमेशा जनता के हित में लगे रहते थे।
उनके जाने से सार्वजनिक जीवन में जो शून्य हुआ है, उसे हम कभी नहीं भर सकते। वे भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान के पुरोधा थे। हम सबकी प्रेरणा थे। मैं उनके चरणों में शत शत नमन करता हूं।