ग्वालियर / आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से भितरवार जनपद के ग्राम पंचातय उर्वा में वृहद विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान एवं जिला सत्र न्यायाधीश पी एन सिंह थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव गालिब रसूल, एडीएम एच बी शर्मा, अभिभाषक संघ भितरवार के अध्यक्ष राजपाल सिंह सिकरवार, जनपद पंचायत भितरवार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक शर्मा सहित न्यायाधीशगण एवं विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। विधिक सेवा शिविर के मुख्य अतिथि प्रधान एवं जिला सत्र न्यायाधीश पी एन सिंह ने इस मौके पर कहा है कि देश के हर नागरिक को नियमों और कानूनों का ज्ञान होना चाहिए। देश के संविधान ने हर नागरिक को अधिकार प्रदत्त किए हैं। इन अधिकारों का बेहतर इस्तेमाल कर जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारों के साथ-साथ हर व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी बखूबी करना चाहिए। देश के विकास के लिये हर व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन करना जरूरी है।

प्रधान एवं जिला सत्र न्यायाधीश पी एन सिंह ने यह भी कहा कि आम लोगों को नियम और कानून की जानकारी देने के लिये विधिक सेवा प्राधिकरण कार्य कर रहा है। सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय, जिला न्यायालय और विकासखण्ड स्तरीय न्यायालयों पर भी विधिक सेवा प्राधिकरण अपनी सेवायें प्रदान कर रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 2 अक्टूबर गाँधी जयंती से 14 नवम्बर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। देशभर में विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आम लोगों को कानून की जानकारी देने हेतु गांव स्तर, जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर भी शिवरों का आयोजन कर जानकारी प्रदान की गई है। उर्वा ग्राम पंचायत में भी जिला प्रशासन के सहयोग से वृहद शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ भी दिलाया जायेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आजादी का अमृत महोत्सव देश में मनाया जा रहा है। देश को आजादी आसानी से नहीं बल्कि बड़ी कुर्बानियों और बलिदानों से मिली है। देश के हर नागरिक को स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों और बलिदानियों की शहादत को भी याद करते हुए अपने दायित्वों का अच्छे से निर्वहन करना चाहिए, ताकि हमारा देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़े। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव गालिब रसूल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से ग्वालियर जिले में अनेक ग्रामों में जागरूकता शिविरों का आयोजन कर लोगों को जानकारी प्रदान की गई है। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का भी प्रयास किया गया है। शिविर में एडीएम एच बी शर्मा ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उर्वा ग्राम पंचायत में वृहद शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को जहां नियम और कानून की जानकारी बताई जायेगी, वहीं शासकीय योजनाओं का लाभ भी उन्हें दिलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर नागरिक को अपने अधिकार और अपने दायित्वों का ज्ञान अवश्य होना चाहिए। अपनी तरक्की के लिये अधिकारों का उपयोग करने के साथ ही समाज और देश की उन्नति के लिये दायित्वों का निर्वहन भी आवश्यक है। शिविर में अभिभाषक संघ भितरवार के अध्यक्ष राजपाल सिंह सिकरवार ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भितरवार क्षेत्र में 37 ग्राम पंचायतों में विधिक सेवा शिवरों के माध्यम से जानकारी दी गई है। इसके साथ ही आम जनों को जागरूक करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए गए हैं। इस मौके पर व्यवहार न्यायाधीश संजय जैन और एडीजे सुशील कुमार ने भी अपने विचार रखे।
हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया
वृहद विधिक जागरूकता शिविर के अंत में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण भी विभागीय अधिकारियों ने अतिथियों के माध्यम से कराया।