भोपाल। राज्य सरकार ने पिछले एक साल में 277 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। बारह महीनों में सरकार ने कुल 54 बार तबादले आदेश जारी किए। इस मान से सरकार ने हर महीने चार तबादले आदेश जारी किए। अब कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेस के बाद फिर बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी है।
सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक ने केन्द्रीय कार्मिक लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय को जानकारी भेजी है। इसमें बताया गया है कि एक जनवरी 2021 से 31 दिसंबर 2021 के बीच आईएएएस अधिकारियों के 54 तबादला आदेश जारी किए गए जिसमें 277 आईएएस अधिकारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा गया या उनकी जिम्मेदारी में परिवर्तन किया गया।
जनवरी माह में राज्य सरकार ने 27 अधिकारियों के तबादले किए। इस महीने में कुल 7 आदेश जारी किए गए और सर्वाधिक आठ अधिकारियों का फेरबदल 18 जनवरी को किया गया। फरवरी माह में आठ तबादले आदेश जारी किए गए। इसमें कुल 24 अफसरों की जिम्मेदारियां बदली गई। 11 फरवरी को सर्वाधिक सात अधिकारियों के तबादले किए गए।मार्च माह में केवल दो बाद दो अधिकारियों के तबादले किए गए। अप्रैल में छह बार में 23 अधिकारियों के तबादले आदेश जारी किए गए।
अप्रैल में फिर होगा बड़ा फेरबदल
बार-बार टल रही कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेस अगले माह होने जा रही है। इसमें मैदानी अफसरों के परफारमेंस और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए किए गए उनके प्रयास, सुशासन के लिए उनके द्वारा किए गए नवाचारों को देखने के बाद ओवरआल परफारमेंस तथा प्रभारी मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से उनके समन्वय को देखते हुए ये तबादले होंगे। मंत्रालय स्तर पर भी कुछ फेरबदल अप्रैल में किये जाएंगे। इसमें तीन साल से अधिक समय से एक ही विभाग में जमे अफसरों के विभाग बदले जा सकते है। इसके अलावा मंत्रियों से तालमेल नहीं बना पा रहे अफसरों की जिम्मेदारी भी बदली जाएगी।