जबलपुर. साईं नगर (मांडवा) रामपुर में 14 जून को हुई घटना में घायल बूथ अध्यक्ष की पत्नी ने भी दम तोड़ दिया है। आरोपियों ने बीजेपी के बूथ अध्यक्ष पुष्पराज उर्फ विजय कुशवाहा (24) के घर में घुसकर ताबड़तोड़ चाकू मारे थे, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। वहीं उसकी पत्नी, बहन व भांजा भी घायल हुए थे।
गोरखपुर थाना प्रभारी सारिका पांडे ने बताया कि घटना के बाद से मृतक विजय कुशवाहा की पत्नी नीलम कुशवाहा सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में भर्ती थी। उसपर आरोपियों ने 15 वार किए थे, बुधवार रात उसकी भी माैत हो गई। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपियों को पकड़ने पर दस हजार का ईनाम घोषित किया गया है।
गोरखपुर पुलिस के मुताबिक रामपुर साईंनगर निवासी पुष्पराज कुशवाहा (28) मजदूरी करता था। पिछले महीने से उसका पड़ोसी विनय कुशवाहा से नाली के बहाव को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान पुष्पराज और उसके साथियों ने विनय कुशवाहा के घर में घुसकर मारपीट कर दी थी। विनय इसी मारपीट का बदला लेने की फिराक में था।
पुलिस के मुताबिक साईं नगर मांडवा में 14 जून की रात 11 बजे पुष्पराज के घर तीन लोगों ने घुसकर इस घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने घर में घुसते ही उसपर ताबड़तोड़ चाकू चलाए, इस दौरान उसकी पत्नी भी घायल हो गई। पुष्पराज को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि आरोपियों ने पुष्पराज के जीजा गोलू कुशवाहा, उसकी पत्नी रुचि उर्फ अनीता और बेटे प्रतीक (5) को भी घाायल किया था। सभी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
ये हैं आरोपी
बदला लेने की नीयत से विनय कुशवाहा, राजा कुशवाहा और रवि कुशवाहा ने पुष्पराज की हत्या की थी। बदमाशों ने दोनों घरों में घुसकर लगभग 20 मिनट तक खूनी खेल खेला। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग बीच-बचाव को पहुंचे तो आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गोरखपुर थाना प्रभारी सारिका पांडे, सीएसपी आलोक शर्मा, एडीशनल एसपी साउथ गोपाल खांडेल मौके पर पहुंचे थे।