मलाइका अरोड़ा अपने नये शो ‘मूविंग इन विद मलाइका’ को लेकर इन दिनों सुर्खियों में बनी है। बता दें कि हाल ही में इस शो का नया प्रोमो रिलीज किया गया है जो फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। इस प्रोमो में नोरा फतेही और कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस मलाइका से बात करते दिखाई दिए। तीनों आपस में बात करते हैं कि अचानक नोरा नाराज होकर चली जाती हैं। इस छोटे से प्रोमो वीडियो ने सोशल मीडिया पर सभी लोगों को असमंजस में डाल दिया। वे सोच रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जो नोरा गुस्सा होकर चली गईं। हालांकि, वीडियो में टेरेंस उन्हें रोकने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन वह उन्हें रोक नहीं पाते हैं। इसके बाद नोरा के इस बर्ताव पर मलाइका ने उन्हें कभी नरम कभी गर्म मिजाज वाली बताया। 

अब इस पर नोरा फतेही का रिएक्शन सामने आया है। नोरा ने मलाइका के साथ की जा रही अपनी तुलना पर कहा कि दोनों अभिनेत्रियों की तुलना करना बिल्कुल भी सही नहीं है, जो अक्सर लोग करते है। नोरा कहती हैं, ‘मलाइका ने वह किया, जो शायद मैं कभी नहीं कर सकती।’ वह बॉलीवुड की शान हैं और बॉलीवुड की विरासत है और हमेशा रहेंगी। हम समय को बदल नहीं सकते हैं। उनकी एक अलग पहचान है और मेरी एक अलग पहचान है।

नोरा कहती हैं कि मेरे लिए यह सब अपमानजनक है। यह सब मुझे दुख देता है कि कैसे कोई आपकी किसी से तुलना कर सकता है। वह कहती हैं कि मेरे लिए यह सब अपमानजनक और परेशान करने वाला है। यह मुझे सोचने पर मजबूर कर देता है कि मैं जो कर रही हूं, उसका कोई मतलब नहीं है।