सागर।  सागर के जैसीनगर थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। वारदात का मास्टरमाइंड थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर निकला है। उसने अपने तीन साथियों के साथ रास्ते से युवती को उठाया और करीब 4 किमी अंदर जंगल में ले गया। जहां युवती के साथ जबरदस्ती की। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। धरपकड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनाक्रम में दो आरोपी नाबालिग है। फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय युवती गांव से जीजा के साथ जैसीनगर आ रही थी। ग्राम रामपुरा के पास रास्ते में चार बदमाशों ने रोका लिया। जहां जीजा के साथ मारपीट करने लगे। जीजा ने पहले मामला मारपीट का सोचा। लेकिन कुछ ही देर में बदमाश युवती को उठाकर जंगल में ले गए। मारपीट में घायल जीजा मदद के लिए घटनास्थल से भागा। रास्ते में पेट्रोलिंग कर रही पुलिस की टीम मिली। पुलिस को घटनाक्रम की खबर मिली तो तुरंत टीम मौके पर पहुंची और जंगल में सर्चिंग शुरू की।

पुलिस ने करीब 4 किमी अंदर जंगल में सर्चिंग करते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के आने की आहट सुन आरोपी मौके से भाग निकले। लेकिन पुलिस ने जंगल में पीछा कर दो आरोपियों को धरदबोचा।

जंगल के हर रास्ते से बाकिव है आरोपी चैनसिंह
पुलिस के अनुसार गैंगरेप के मामले में मुख्य आरोपी चैनसिंह लोधी निवासी रामपुरा जैसीनगर अंकित राजपूत और 17 व 14 वर्षीय दो नाबालिगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इसमें आरोपी अंकित राजपूत और 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार मुख्य आरोपी चैनसिंह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर कई मामले दर्ज है। वह ज्यादातर जंगल में घूमता रहता है। इसलिए उसे जंगल के सभी रास्तों की जानकारी है। जिससे वह घटनास्थल से भागने में सफल हो गया।

घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, 4 थानों की टीमें लगाई
घटनाक्रम की खबर मिलते ही एसपी तरुण नायक जैसीनगर पहुंचे। उन्होंने जंगल में पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार थानों की पुलिस लगाई है। पुलिस लाइन से भी बल बुलाया गया है। पुलिस की टीमें लगातार जंगल में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्चिंग कर रही हैं। आरोपियों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्ध मददगारों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मुख्य आरोपी के मकान पर बुल्डोजर चलाया जा रहा है।

फरार आरोपियों पर 20 हजार का इनाम घोषित
एसपी तरुण नायक ने बताया कि वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दो फरार है। फरार आरोपियों पर 20 हजार का इनाम घोषित किया है। आरोपियों की जानकारी देकर गिरफ्तारी कराने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्चिंग कर रही हैं।