नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल के रेट में आज भी 80 पैसे का झटका लगा है। बुधवार को पेट्रोलियम कंपनियों ने ईंधन के नए रेट जारी किए तो अहमदाबाद से पटना और भोपाल से चेन्नई तक पेट्रोल 100 रुपये के पार चला गया। यहां तक कि मुंबई में डीजल भी अब 100 रुपये से अधिक हो गया है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद 101.01 रुपये प्रति लीटर के हो गई है।

इस तरह 8 दिन में दिल्ली में पेट्रोल 5.60 रुपये महंगा हुआ है। वहीं, डीजल भी 5 रुपये 60 पैसे तक महंगा हुआ है। अब दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के लिए 101.01 रुपये और डीजल के लिए 92.27 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इससे पहले 21 मार्च को राजधानी में पेट्रोल का दाम 95.41 और डीजल 86.67 रुपये प्रति लीटर था।

चुनाव के तुरंत बाद पेट्रोल-डीजल के लिए अपने वाहनों की टंकी फुल करवाने वालों को भले ही बहुत फायदा नहीं हुआ, लेकिन जिन्होंने गैलनों में तेल भरवाकर रख लिए आज वो चांदी काट रहे हैं। चुनाव 7 मार्च को खत्म हुए और पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़नी शुरू हुईं 22 मार्च से। तेल कंपनियों ने 22 मार्च (24 मार्च को छोड़कर) से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रखी है।

 

शहर का नाम             पेट्रोल/ डीजल रुपये प्रति लीटर
दिल्ली                        101.01/92.27
मुंबई                          115.88 /100.1
कोलकाता                  110.52/95.42
चेन्नई                         106.69 /96.76
भोपाल                      113.34/96.63
इंदौर                         113.29/95.75
जबलपुर                    113.33/95.71