ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड में एक बार फिर जंगलराज कायम हो गया है। हत्या, लूट चोरी और रंगदारी को लेकर फायरिंग एक आम बात हो गई। यही वजह है कि भिण्ड जिले में चार दिन में 3 हत्यायें हो चुकी है और पुलिस मामले की जांच ही कर रही है। शहर में पुलिस नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही हैं। वीट के दरोगा तक को मोहल्ले वाले तक नहीं पहचानते है।
भिण्ड में बाईपास रोड मेला मैदान के पास घर के बाहर कल देर रात्रि को 52 साल के व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप, मृतक के दामाद व उसके रिश्तेदारों पर लगाया जा रहा है। हत्या की वजह से मृतक की बेटी द्वारा ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया जाना और उस केस में गवाही मृतक द्वारा न्यायालय में दी जानी बताई जा रही है।
मेला मैदान के पास भिण्ड में रहने वाले जगत सिंह बघेल की हत्या उस समय की गई जब वो घर के बाहर सो रहा था। कुछ अज्ञात हमलावारों ने गोली मार कर हत्या की है। मृतक के परिजनों के मुताबिक पुत्री प्रियंका की शादी 30 जून 2017 को बड़ा गांव खेरिया ग्वालियर के रहने वाले रंजीत बघेल से की थी। शादी के बाद से रंजीत अपनी पत्नी प्रियंका के साथ मारपीट करने लगा। दहेज की मांग करने लगा।
इसी बात को लेकर प्रियंका अपनी ससुराल से पिता के घर आकर रहने लगी। प्रियंका ने इसी बीच रंजीत के बहनोई पर भिण्ड जिले के अटेर थाने में भी एक मुकदमा दर्ज कराया था। रंजीत, अपने परिवार व बहनोई पर हुए मुकदमा को लेकर प्रियंका व ससुर से खफा था। वो कई बार अपने ससुर जगत सिंह को जान से मारने की धमकी दे चुका था।
मृतक की पत्नी ममता के मुताबिक पिछले कुछ महीनों पहले रंजीत ने धमकी दी थी कि यदि तुम लोगों ने मेरे या मेरे परिवार के खिलाफ न्यायालय में गवाही दी है तो तुम्हे छोडूंगा नहीं। तुम्हे गोली मार दूंगा। एक सप्ताह पहले न्यायालय में तारीख लगी। इस तारीख पर जगत सिंह ने अपने दामाद व उसके परिवार के खिलाफ न्यायालय में गवाही दी थी। इसी बात से खफा होकर रंजीत आया और घर के बाहर सो रहे जगत सिंह में गोली मार दी। मृतक की पत्नी का कहना है कि उस समय मैं और मेरी बेटी घर के अंदर थे। जब हम लोग बाहर आए तो दामाद रंजीत को गोली मारकर जाते हुए देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) आनंद राय ने आज यहां बताया कि घर के बाहर सो रहे जगत बघेल की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक की पत्नी ने ममता ने अपने दामाद व उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।