नई दिल्ली। इन दिनों सोनाक्षी सिन्हा के सितारे कुछ ठीक नहीं चल रहे। बीते दिनों में उनकी एक तस्वीर वायरल हुई जिसमें वह सलमान खान के संग शादी रचाती नजर आ रही थीं। इस तस्वीर को लेकर सोनाक्षी ने सोशल मीडिया पर गुस्सा निकाला. लेकिन अब खुद सोनाक्षी कानूनी मुश्किल में उलझती नजर आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की एक कोर्ट ने सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है।

दरअसल, उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद के कटघर थाना इलाके के रहने वाले इवेंट ऑर्गेनाइजर प्रमोद शर्मा ने एक कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया था. लेकिन सोनाक्षी सिन्हा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए नहीं पहुंचीं, जिस पर इवेंट ऑर्गेनाइजर ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि सोनाक्षी सिन्हा के मैनेजर ने इवेंट ऑर्गेनाइजर के पैसे देने से इंकार कर दिया है। सोनाक्षी सिन्हा से कई बार संपर्क करने पर भी जब पीड़ित को पैसे नहीं मिले तो उसने धोखाधड़ी की शिकायत कोर्ट में की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए सोनाक्षी सिन्हा पर मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे। इस मामले में सोनाक्षी सिन्हा बयान दर्ज कराने के लिए मुरादाबाद आ चुकी हैं। लेकिन लगातार गैरहाजिर रहने के कारण अब कोर्ट ने सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में वारंट जारी किया है।

आपको बता दें कि ये मामला साल 2018 का है। उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद के कटघर थाने में एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी किया गया है। मुरादाबाद की एसीजेएम-4 की कोर्ट ने सोनाक्षी के खिलाफ वारंट जारी किया है। लगातार कोर्ट में गैरहाजिर रहने के कारण कोर्ट ने यह वारंट जारी किया.। प्रमोद शर्मा ने 2018 में कटघर थाने में सोनाक्षी सिन्हा सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर 36 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है।