भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा है कि उन्होंने आशा है कि कर्मचारियों की पेंशन के मामले में सरकार जल्द ही कोई सकारात्मक हल निकालेगी। गौतम ने आज यहाँ मप्र पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए काफी गंभीर है। उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कर्मचारियों की पेंशन के मामले में सरकार जल्द ही कोई सकारात्मक हल निकालेगी, इसकी उन्हें पूरी उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने पुरानी सरकार के कार्यकाल में प्रारंभ किए गए कर्मी कल्चर को समाप्त कर शिक्षाकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों को सम्मानजनक पद पर बैठाने का कार्य किया है। पुरानी सरकार में शिक्षाकर्मियों एवं गुरूजियों को बहुत कम मानदेय मिलता था, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार के आने के बाद उनके वेतन में सम्मानजनक रूप से वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि पेंशन के संबंध में केंद्र सरकार का जो आदेश है, उसमें कहीं कोई बाध्यता नहीं है। राज्य सरकार चाहे तो अपने स्तर पर कर्मचारियों के हित में पेंशन की मांग का निराकरण करने का निर्णय ले सकती है।