चंडीगढ़। लुटेरी दुल्हन ने एक-दो नहीं, बल्कि आठ-आठ शादियां करके अपने पति और ससुराल पक्ष को तो लूटा ही। साथ-साथ अब उनकी जान को भी जोखिम में डाल दिया है। एक हफ्ते पहले पंजाब के पटियाला में पुलिस के हत्थे चढ़ी लुटेरी दुल्हन के साथ चार साथी भी पकड़े गए थे। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गिरफ्तार लुटेरी दुल्हन का जब मेडिकल टेस्ट कराया गया, तो वह एचआईवी पॉजिटिव निकली। एचआईवी पीड़ित होने का खुलासा होने पर पंजाब पुलिस के होश उड़ गए। अब पुलिस लुटेरी दुल्हन के सभी पूर्व पतियों की तलाश कर रही है ताकि उनका भी मेडिकल टेस्ट करा एचआईवी की आशंका को निर्मूल किया जा सके। गौरतलब है कि पटियाला में पुलिस ने 8 शादियां कर ससुराल पक्ष से लूटपाट करने वाली लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया था। उसके चार साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़े थे। पुलिसिया पूछताछ में खुलासा हुआ था कि लुटेरी दुल्हन शादी करने के बाद ससुराल पक्ष से गहने और नकदी लेकर भाग जाती थी। एक हफ्ते पहले पकड़ी गई इस लुटेरी दुल्हन का पुलिस ने एड्स टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। अब पुलिस लुटेरी दुल्हन के शिकार बने उसके सभी पूर्व पतियों की तलाश कर उनका भी एचआईवी टेस्ट कराने जा रही है।  

लुटेरी दुल्हन की कार्य़प्रणाली बहुत अलग नहीं थी, बल्कि हिंदी फिल्मों की ही तरह लगती है। वह अपने साथियों के साथ गिरोह बनाकर शादी के इच्छुक युवकों को फंसाती थी। शादी होने के बाद युवती घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर झगड़ा करती थी और फिर पंचायत बुला लेती। राजीनामे के बाद वह मौका पाकर ससुराल परिवार के गहने और नगदी लेकर भाग निकलती। इस काम में उसकी मां भी साथ देती थी। पुलिस के मुताबिक लुटेरी दुल्हन के शिकार हुए 8 में से 3 दूल्हे हरियाणा के हैं। पटियाला के जुलका इलाके में 9वें दूल्हे की तलाश के वक्त वह पकड़ी गई। जहां भी उसने शादी की, वहां सुहागरात के बाद एक हफ्ते रहकर आई। ऐसे में उसके द्वारा ठगे गए दूल्हों पर भी एड्स का खतरा मंडरा रहा है।  

लुटेरी दुल्हन हरियाणा के कैथल की रहने वाली है और उसकी उम्र 30 साल है। आरोपी महिला की असली शादी 2010 में पटियाला में हुई थी, जिससे उसे तीन बच्चे हुए। उनकी उम्र अब 7 से 9 साल के बीच है। इसके बाद अचानक उसका पति गायब हो गया। इस दुल्हन ने पति से तलाक भी नहीं लिया। चार साल पहले उसने लुटेरी दुल्हन का धंधा शुरू किया, जिसके बाद पंजाब व हरियाणा में कुंवारे, तलाकशुदा या विधुर मर्दों को फंसाकर ठगी करने लगी। फिलहाल वह 9वीं शादी की तैयारी कर रही थी। इस बार उसने देवीगढ़ के एक युवक को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की थी, जहां वह अपनी हरकत को अंजाम देने से पहले ही पकड़ी गई। लुटेरी दुल्हन ने पंजाब औऱ हरियाणा के तलाकशुदा और कुंवारे लोगों को अपने जाल में फंसाया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *