भोपाल । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने श्योपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान वे क्षेत्र के कई प्रभावित गांवों में गए और बाढ़ प्रभावितों को ढाढस बंधाया। उन्होंने प्रभावितों को हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अधिकारियों को पहले भाजपा के नेताओं को चंदा देना पड़ता है। उसके बाद उनकी पदस्थापना होती है। इसके बाद अधिकारी जो खर्च कर आते है उसकी वसूली में लग जाते हैं। यही वजह लापरवाही का कारण बनती है।

बाढ़ राहत कार्य में पूर्व कलेक्टर, एडीएम द्वारा बरती गई लापरवाही को लेकर किए गए सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर जगह व्यवसाय करती है, राजनैतिक धंधा करती है। इस व्यवसाय में सबकी हिस्सेदारी है। भाजपा के नेता, दलाल, अधिकारी सब का हिस्सा बंटा होता है। इसलिए निर्माण कार्य ठीक तरह से नहीं होते। गुणवत्तापूर्ण निर्माण की बजाए घटिया निर्माण कार्य हुए वरना इतने पुल नहीं टूटते।

बाढ़ में लोगों का काफी नुकसान हुआ

सिंह ने बताया कि बाढ़ में लोगों का काफी नुकसान हुआ है। प्रभावित गांवों का दौरा करने के बाद यह सच सामने आया। प्रदेश सरकार को प्रभावितों को जल्द से जल्द मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो प्रावधान है उससे कम मुआवजा किसी भी प्रभावित को नहीं मिले, यह भी सुनिश्चित करना चाहिए। बल्कि सरकार मुआवजा बढ़ा भी सकती है। उन्होंने कहा कि पीडि़तों से मिलने के बाद उनका दर्द महसूस हो रहा है। दौरे के दौरान मुझे बताया गया कि सर्वे में 40 प्रतिशत का नुकसान बताया जा रहा है जोकि बहुत कम है। असलियत यह है कि बाढ़ ने गांवों में सबकुछ बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं चाहूंगा कि हमारे प्रतिनिधि जनता के बीच जाकर सर्वे कर सही स्थिति सामने लाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *