उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में नागपंचमी के अवसर साल में एक बार 24 घंटे के लिए खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर में सामान्य दर्शनार्थियों के दर्शन पर कोविड़ संक्रमण के चलते इस बार प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति आशीष सिंह ने बताया कि इस वर्ष नाग पंचमी पर्व 13 अगस्त को है और भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन कोरोना गाइडलाइन के मद्देनजर केवल लाइव ऑनलाइन ही हो पाएंगे। सामान्य दर्शनार्थियों के लिए दर्शन प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरी महाराज एवं महाकालेश्वर प्रबन्ध समिति की सहमति से लिया गया है। नागपंचमी के दिन परम्परागत शासकीय पूजन यथावत होगा। इस दिन भगवान महाकालेश्वर के दर्शन भी प्री बुकिंग से ही होंगे। उन्होंने बताया कि देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख भगवान महाकालेश्वर मंदिर तीन खंडों में विभक्त है। सबसे नीचे भगवान महाकालेश्वर, दूसरे खंड में ओमकारेश्वर तथा तीसरे खंड में भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर स्थित है। भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर वर्ष में एक बार केवल 24 घंटे के लिए नागपंचमी पर्व पर खोला जाता है, जिसमें नाग देवता की प्राचीन मूर्ति स्थापित है।