सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैदी पर नाबालिग लड़की से रेप और हत्या का आरोप था। वह यहां लखनादौन उप जेल में एक साल से बंद था।
लखनादौन पुलिस के मुताबिक, कैदी का नाम अर्जुन मर्सकोले था। रविवार को वह बाथरूम गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस बीच जब दूसरा कैदी बाथरूम गया तो देखा कि वह चादर के फंदे पर लटक रहा है। इसके बाद उन्होंने जेल कर्मियों को सूचना दी।
कोरोनाकाल में गांव आया, यहां बच्ची से रेप और हत्या का आरोप लगा
पुलिस ने बताया कि अर्जुन लखनादौन के सहसना गांव का रहने वाला था। नागपुर में ऑटो चलाकर गुजर-बसर करता था। साल 2020 में कोरोना की पहली लहर के दौरान वह वापस गांव आया। आरोप है कि उसने एक दिन पड़ोस में ही रहने वाली 5 साल की बच्ची के साथ रेप किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302, 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।