इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से अजीबो-गरीब मामला सामने आया। यहां शादीशुदा महिला से लव मैरिज के 15 दिन बाद एक व्यक्ति उसकी बेटी (सौतेली बेटी) से शादी करने की जिद करने लगा और आखिरकार उसे भगाकर ले गया। घटना के बाद से ही महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस से दोनों को ढूंढकर लाने की गुहार लगाई है। अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
घटना इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र की स्कीम नंबर 78 की है। बीते रोज एक शादीशुदा महिला अचानक थाने पहुंची और पति की शिकायत की। महिला ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खजराना में रहने वाले संतोष सिंह तोमर से लव मैरिज की है, लेकिन शादी के 15 दिन बाद ही संतोष उनकी बेटी से ही शादी करने की बात कहने लगा। महिला ने कई बार उसे समझाया कि वह रिश्ते में उसकी बेटी लगती है, लेकिन संतोष नहीं माना। सोमवार देर रात लड़की को गाड़ी पर जबरदस्ती बैठा कर फरार हो गया।