अयोध्या । अयोध्या की सरयू नदी में नहाते समय शुक्रवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। एक ही परिवार के 12 लोग नदी में बह गए। आसपास के लोगों और गोताखोरों की मदद से तत्काल खोजबीन शुरू हुई और आठ लोगों को नदी से निकाला गया। इनमें से पांच लोगों की मौत हो गई है। चार लोग अब भी लापता है। डीएम और एसपी भी मौके पर राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं। एनडीआरएफ को भी बुलाया गया है। हादसे का कारण कच्चे घाट पर स्नान और पानी में तेज बहाव को माना जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। बताया जा रहा है कि आगरा के सिकंदराबाद से तीन परिवारों के 15 लोग अयोध्या घूमने आए थे। सभी शुक्रवार की सुबह गुप्तार घाट पर स्नान के लिए पहुंचे। स्नान के दौरान पैर फिसलने से दो व्यक्ति गहरे पानी में चले गए। दोनों को बचाने के चक्कर में एक के बाद एक अन्य लोग भी पानी में बहने लगे।
तीन लोगों ने तो खुद को बचा लिया लेकिन 12 लोग पानी में बहने लगे। चीख पुकार सुनकर आसपास के मल्लाहों और केवटों ने लोगों को बचाने की कोशिश की। घटना की जानकारी अधिकारियों को भी दी गई। डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद 8 लोगों को पानी से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। लापता चार लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीमों को भी लगाया गया है। शाम छह बजे तक चारों लोगों की तलाश पुलिस-पीएसी के गोताखोर करते रहे।