इडुक्की। केरल के इडुक्की जिले में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 21 साल के लड़के ने 6 साल की लड़की से रेप किया। जब बच्ची बेहोश हो गई तो उसे फांसी पर लटका दिया, ताकि ये सुसाइड का मामला लगे। मामला इडुक्की जिले के वंडीपेरियार क्षेत्र का है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लड़का इस बच्ची से 2 साल से रेप करता आ रहा था।
दरअसल, 30 जनवरी को 6 साल की बच्ची चाय बागान में स्थित अपने छोटे से घर में फांसी पर लटकी मिली थी। शुरूआत में ये लगा कि रस्सी से खेलते समय बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई है। घटना के वक्त बच्ची के मां-बाप, भाई घर के बाहर गए हुए थे। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में पता चला कि बच्ची के साथ रेप किया गया है। पुलिस ने घटना के तार जोड़े तो बच्ची के पड़ोस में रहने वाले एक 21 साल के लड़के अर्जुन पर शक गया। अर्जुन के बच्ची के घरवालों के साथ अच्छे संबंध थे। उसके घर पर आना-जाना लगा रहता था। वो बच्चों के साथ भी अक्सर खेलता था। जांच में आरोपी अर्जुन ने कबूल किया कि वो पिछले दो साल से उस बच्ची का यौन शोषण कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि जब आरोपी ने 30 जनवरी को बच्ची के साथ रेप किया तो वो बेहोश हो गई। यह देख आरोपी ने बच्ची को उसी के घर में फांसी पर लटकाने का प्लान बनाया ताकि सभी समझें कि उसने सुसाइड किया है। इसके बाद आरोपी अर्जुन ने बच्ची के अंतिम संस्कार में भी हिस्सा लिया। पीड़ित परिवार की मदद भी की। आरोपी इतना शातिर है कि वो अक्सर अपनी आंखों में आसूं भी भर लाता था। मामले में कोर्ट ने आरोपी लड़के को एक दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है।