भोपाल। बीएसएनएल से रिटायर्ड अफसर ने 29 मई को एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि घर से छह लाख रुपये के गहने और पिस्टल की चोरी हो गई है। फरियादी एमपी नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में परिवार के साथ रहते हैं। घर में हुई चोरी की घटना को लेकर परिवार के लोगों को घर के नौकरों पर शक था। इसी आधार पर पुलिस भी मामले की जांच कर रही थी। मामले को पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने भी गंभीरता से लिया था।इस घटना के एक सप्ताह के अंदर रिटायर्ड अफसर के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी लापता है। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि इस मामले की जांच गहनता के साथ की जाए। हो सकता है कि इस घटना में फरियादी की बहू का हाथ हो। तकनीक की मदद से पुलिस ने बहू की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान उसे मुंबई के पॉश इलाके नाला सुपारा से बरामद किया गया। वहां महिला अपने प्रेमी अनिल पाठक के साथ रह रही थी।

प्रेमी के साथ मिलकर की थी चोरी
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने 26 वर्षीय दोस्त अनिल पाठक के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अनिल मूल रूप से मुरार ग्वालियर का रहने वाला था। महिला ने बताया कि जेवर को एक फायनेंस कंपनी में गिरवी रखकर उससे दो लाख रुपये लिए और प्रेमी के साथ घुमने मुंबई चली गई। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के बाद गहने और पिस्टल बरामद कर लिए हैं।

मुंबई में सेट होना चाहते थे दोनों
महिला का प्रेमी के साथ दो सालों से संबंध था। चोरी की इस घटना के लिए परिवार के लोग बहू पर शक नहीं कर रहे थे। वहीं, बहू अपने प्रेमी अनिल के साथ मुंबई ईस्ट के रईस इलाके नाला सुपारा क्षेत्र में ऐशो आराम के साथ रह रही थी। दोनों यहीं पर रहकर अपना जीवन यापन करना चाहते थे। महिला प्रेमी के साथ अपनी बेटी के गहने भी लेकर चली गई थी।

चार साल की बेटी की नहीं आई याद
महिला की एक चार साल की बेटी भी है। छोटी बच्ची को छोड़कर वह एक महीने तक अपने प्रेमी के साथ लापता रही है। बच्ची घर में बार-बार मां को याद कर रही थी। वह अपनी दादा और दादी से पूछती थी कि मां कहां है। पुलिस भी बच्ची के परेशान हो रही थी। मगर महिला ने एक महीने में कभी भी फोन कर बच्ची का हाल नहीं जाना। उसे बच्ची की याद कभी नहीं आई और महिला अपने प्रेमी के साथ घूमती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *