भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को इस राज्य में और बेहतर तरीके से आदर्श रूप में मैदानी स्तर तक क्रियान्वित किया जाएगा। चौहान ने यहां प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में मीडिया से चर्चा में कहा कि राज्य की भाजपा सरकार की हमेशा से कोशिश रही है कि मोदी जो भी जनकल्याण की योजनाएं बनाएं, उनका श्रेष्ठ क्रियान्वयन मैदानी स्तर पर इस राज्य में किया जाए। राज्य में इस कार्य को और बेहतर ढंग से किया जाएगा।  

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की गुरुवार को एक दिवसीय बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अपने संबोधन में कहा था कि मध्यप्रदेश केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के मामले में देश में ‘नंबर वन’ पर है। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए अपने संबोधन में नड्डा ने इस तरह की अनेक योजनाओं को गिनाते हुए कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वे यह बात आम लोगों तक पहुंचाएं। इसी संबंध में चौहान ने आज यहां मीडिया से कहा कि जब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मध्यप्रदेश में योजनाओं के क्रियान्वयन की सराहना करते हैं तो मन गर्व से भरता है और संतोष भी प्राप्त होता है।

  मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गौरवशाली, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत के निर्माण के लिए समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश का निर्माण करने के साथ ही जनता का कल्याण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए संतोष हो रहा है कि कोविड 19 नियंत्रण, आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण, गरीब कल्याण की योजनाएं, माताओं बहनों के उत्थान या कोरोना वैक्सीनेशन का कार्य, हमने इन सबके तहत जनता को लाभ पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चौहान प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के सिलसिले में पहुंचे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *