सीहोर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्जमाफी के नाम पर प्रदेश के किसानों को धोखा देने वाली कांग्रेस अब केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के हितों के लिए लाए गए कृषि सुधार बिल के नाम पर किसानों को गुमराह कर रही है।

चौहान जिले के नसरुल्लागंज में ‘किसान कल्याण योजना की राशि रु।100 करोड़ का वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज 15 हज़ार से ज्यादा किसानों ने किसान कृषि बिल के समर्थन में समर्थन दिया, लेकिन कर्जमाफी के नाम पर किसानों को धोखा देने वाली कांग्रेस आज किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है। किसानों के हित में बने कानून पर वे किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून में किसान को उपज मंडी के अलावा कहीं भी बेचने की छूट है। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मंडियां बंद नहीं होंगी, लेकिन मंडी के अलावा अगर कोई व्यापारी किसान को फसल के अच्छे दाम दे रहा हो तो किसान मंडी के बाहर भी बेच सकता है। ये किसान की मर्जी होगी कि वो जहां चाहेगा वहां फसल बेचेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के साथ खड़े हैं। किसान हित में बने नये कानून के अनुसार किसान बोनी से पहले व्यापारी के साथ अपनी उपज का कांट्रैक्ट कर सकेगा। उन्होंने कहा कि फसल खराब होने की चिंता से किसान मुक्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *