भोपाल मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कर्मचारी, राज्य सरकार के अभिन्न अंग हैं। मध्यप्रदेश आज देश में सबसे तेज गति से प्रगति कर रहा है, उसका श्रेय प्रदेश के कर्मचारियों को भी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर के उदघाटन पर संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, सामान्य प्रशासन एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि कर्मचारी संघ द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन अभिनव पहल है। स्वस्थ रहकर ही बेहतर कार्य किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय में श्रेष्ठ कार्य करने वाले आज के कर्मचारी और माह के कर्मचारी के चयन की योजना बनायें। माह में बेहतर काम करने वाले कर्मचारी का सम्मान वे स्वयं करेंगे। आरंभ में स्वागत भाषण मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री सुधीर नायक ने दिया। उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य शिविर छह दिन चलेगा। संघ द्वारा गुणवत्ता कार्यशाला की जायेगी। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन श्री के. सुरेश, श्री शिव चौबे और कर्मचारी संघ के पदाधिकारी मौजूद थे।