भोपाल। मध्य प्रदेश के 5 जिलों में महामारी (कोरोनावायरस का इन्फेक्शन) फैल चुकी है। इंदौर और भोपाल में महामारी पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा था और अब मुरैना, भिंड और ग्वालियर इसी लिस्ट में शामिल हो गए हैं। आज की तारीख में मुरैना में 309, ग्वालियर में 103 और भिंड में 107 लोग महामारी से पीड़ित (एक्टिव केस) हैं।

संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, मध्य प्रदेश द्वारा जारी कोरोना वायरस मीडिया बुलेटिन 1 जुलाई 2020 के अनुसार पिछले 24 घंटे में 9344 सैंपल की जांच की गई जिसमें से 106 रिजेक्ट हो गए। 9076 नेगेटिव लेकिन 268 पॉजिटिव निकले। इसी के साथ मध्यप्रदेश में महामारी से पीड़ित नागरिकों की संख्या 13861 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 9 मरीजों की मृत्यु हुई। महामारी से मरने वाले मरीजों की कुल संख्या 581 हो गई है। 260 मरीज महामारी से लड़कर स्वस्थ हो गए। अब तक स्वस्थ हुए नागरिकों की संख्या 10655 हो गई। आज की तारीख में मध्यप्रदेश में 2625 लोग महामारी से पीड़ित हैं।

ग्वालियर-चंबल की हालत बेहद नाजुक हो गई है। दोनों संभागों में 100 प्रतिशत लॉकडाउन की जरूरत है। इस दौरान घर-घर सर्वे करके पीड़ित नागरिकों का पता लगाना बहुत जरूरी है नहीं तो हालात नियंत्रण से बाहर हो जाएंगे।
अकेले मुरैना में पीड़ित नागरिकों की संख्या 309 हो गई है। क्या प्रशासन के पास 500 से ज्यादा बेड मौजूद हैं।

ग्वालियर चंबल संभाग में भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर एवं शिवपुरी यह चारों जिले आपस में पूरी तरह से कनेक्ट होते हैं। हजारों लोग एक शहर से दूसरे शहर में जाते हैं। सरकारी नक्शे में भले ही यह 4 जिले हैं परंतु व्यवहारिक तौर पर यह एक क्षेत्र है। क्योंकि ग्वालियर शहर दिल्ली सहित पूरे मध्यप्रदेश से कनेक्ट होता है इसलिए इन चारों जिलों को सीलबंद करना जरूरी है। भिण्ड कलेक्टर वीरेन्द्र रावत ने 2 व 3 जुलाई तथा 6 व 7 जुलाई को पूर्ण लाॅकडाउन का आदेश दिया है। लाॅकडाउन में कोई अपना कारोबार करता है या बिना कोई ठोस कारण से घर से बाहर निकलता है तो उसके खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी।

सागर की स्थिति अभी तक नियंत्रण में नहीं आई है लेकिन बेकाबू भी नहीं हुई है। यही समय है कंट्रोल किया जा सकता है।

इंदौर से अच्छी खबर है। 100 मरीज स्वस्थ हो गए। 25 पॉजिटिव पाए गए। एक्टिव मामलों की संख्या 1000 के नीचे आ गई है।
भोपाल से भी गुड न्यूज आ रही है। 80 मरीज स्वस्थ हुए, 41 पॉजिटिव पाए गए। एक्टिव मामलों की संख्या 500 से नीचे (455) हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *