इंदौर। पातालपानी हादसे में जान गंवाने वाले उद्योगपति पुनीत अग्रवाल की बहू साक्षी ने गुरुवार को बेटी को जन्म दिया। उसका नाम सारा रखा गया है। दरअसल, यह नाम पुनीत और अग्रवाल परिवार ने पहले से ही तय कर लिया था। सुबह 10.30 बजे हुई सारा के जन्म के दौरान पिता निपुण और अन्य करीबी मौजूद थे। इस बीच, हादसे में मृत गौरव और उनके बेटे आर्यवीर का मुंबई में अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे में घायल गौरव की पत्नी निधि की हालत में फिलहाल कोई सुधार नहीं है।

महू में 31 दिसंबर की पार्टी के दौरान पातालपानी स्थित फार्म हाउस में कैप्सूल लिफ्ट पलटने से उद्योगपति पुनीत अग्रवाल समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में पुनीत, उनके दामाद ट्रांसपोर्टर पल्केश पुत्र मुकेश अग्रवाल निवासी डीबी सिटी इंदौर, बेटी पलक, पोते नव, पल्केश के जीजा गौरव अग्रवाल निवासी मुंबई, गौरव के बेटे आर्यवीर की मौत हो गई। गौरव की पत्नी निधि गंभीर रूप से जख्मी हैं।

पातालपानी को ऊंचाई से देखने के लिए 100 फीट ऊंचा टावर बनाया था। परिवार के लोगों ने बताया था कि लिफ्ट से टावर से नीचे आते वक्त निपुण भी सवार होने वाला था, लेकिन उसे लगा कि ज्यादा लोग हो गए हैं, तो वह रुक गया। उसने पुनीत को बोला कि पापा आप लोग पहले चले जाओ, मैं बाद में आता हूं। इसके बाद लिफ्ट कुछ ही नीचे आई और हादसा हो गया। उधर, फार्म हाउस के कर्मचारी का कहना है किसर (पुनीत अग्रवाल) जब महू में रहते थे, तब सुबह साइकिल से फार्म हाउस आते थे। लिफ्ट अभी 20-25 दिन पहले ही लगी है। इसमें सामान चढ़ाने-उतारने का काम होता था। टावर में सीढ़ी भी बन रही है। घटना के बाद निपुण सर उसी से नीचे उतरे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *