इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में अनोप टॉकीज चौराहे पर गिफ्ट गैलरी की दुकान संचालित करने वाली पत्नी से विवाद के बाद पति जलता हुआ चौराहे पर दौड आया। बीच-बचाव में उसकी 15 वर्षीय बेटी भी झुलस गई। सडक पर जलता देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पिता-पुत्री को अस्पताल पहुंचाया। पत्नी का आरोप है पति उसे पेट्रोल डालकर जलाने आया था।
एमआईजी पुलिस के अनुसार नंदा नगर निवासी 40 वर्षीय दिनेश नरेठिया और उसकी बेटी रेविका उर्फ गुनगुन को एमवायएच में भर्ती किया गया। वहां से दोनों को निजी अस्पताल रैफर कर दिया। पडोसी दुकानदार लखन वर्मा ने बताया घटना गुरुवार रात 8.30 बजे हुई। यहां दिनेश की पत्नी पूजा की गिफ्ट आइटन की दुकान है। शाम को पत्नी और बेटी दुकान पर थीं। कुछ देर बाद दिनेश आया तो दोनों में विवाद हुआ। विवाद अकसर होते रहते थे इसलिए पडोसियों ने इसे सामान्य ढंग से लिया। कुछ देर बाद विवाद बढा तो दिनेश बाहर आया और बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा।
पत्नी का आरोप है पति शराब पीकर आए दिन हंगामा करता रहता है। 15 दिन पहले भी दुकान का कैमरा तोड गया था। गुरुवार रात वह पेट्रोल लेकर मुझे जलाने आया था। इस दौरान बेटी ने धक्का दे दिया तो पेट्रोल पति पर गिर गया। फिर पति ने माचिस जलाई तो वह खुद जल लगा। साथ खडी बेटी भी चपेट में आ गई।