भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद दिग्विजय सिंह के पत्र पर सिंधिया समर्थक वनमंत्री उमंग सिंघार ने रविवार को पलटवार किया है। उन्होंने कटाक्ष किया कि दिग्विजय सिंह परदे के पीछे से खुद सरकार चला रहे हैं। उन्हें मंत्रियों को पत्र लिखने की क्या आवश्यकता है। सूत्र बताते हैं कि सिंघार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर दिग्विजय सिंह की शिकायत भी की है। इधर, सिंह के पत्र पर कमलनाथ सरकार के अधिकांश मंत्रियों ने उन्हें जवाब भेज दिए हैं तो कुछ ने व्यक्तिगत स्तर पर मुलाकात की है।

सिंघार ने अपने निर्वाचन क्षेत्र गंधवानी में मीडिया से बातचीत में सिंह के चिट्ठी लिखने की बात पर सवाल उठाए। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि वे पर्दे के पीछे से सरकार चला रहे हैं तो चिट्ठी लिखने की क्या जरूरत है। प्रदेश की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता जानते हैं कि परदे के पीछे से सरकार कौन चला रहा है।
सूत्रों ने बताया कि सिंघार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर भी दिग्विजय सिंह की शिकायत की है। उन्होंने लिखा है कि सिंह कमलनाथ सरकार को अस्थिर कर खुद को पॉवर सेंटर के रूप में स्थापित करने में जुटे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल सिंघार के खत को लेकर जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने खत की पुष्टि की है। वहीं, सिंघार के दिग्विजय पर पलटवार को लेकर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रेशर पॉलिटिक्स में दिग्विजय माहिर हैं। सत्ता और संगठन इन्हीं से संचालित है। पत्र लिखना उनकी शिगूफेबाजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *