ग्वालियर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को लेकर खींचतान मची हुई है। भोपाल से लेकर नई दिल्ली तक कांग्रेस नेता समीकरण बिठाने में जुटे हैं। इसी बीच चर्चाएं हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी आलाकमान से उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने को कहा है। लेकिन इन तमाम दावों को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने नकार दिया है। दिग्विजय सिंह के मुताबिक वर्तमान में कमलनाथ ही प्रदेश अध्यक्ष हैं और जब तक उनका इस्तीफा नहीं होता तब किसी दूसरे का नाम फाइनल नहीं होगा। सिंधिया की नाराजगी की खबरों को भी उन्होंने सोशल मीडिया की देन बताते हुए खारिज कर दिया। दिग्विजय सिंह आज भिण्ड में महाराणा प्रताप की पगतिमा का अनावरण करने भिण्ड आए थे।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बिगडी अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए कहा देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी भाजपा के मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) राज में बडी है। ऑटो मोबाइल इंडस्ट्री में 3 लाख गाडियां बिक नहीं रहीं। 35 लाख बाइक-स्कूटर बिक नहीं रहे। ऑटो इंडस्ट्री में 10 लाख लोग बेरोजगार हो रहे हैं। नोटबंदी से देश में 50 लाख लोग बेरोजगार हुए। उन्होंने कहा अर्थव्यवस्था संभालिए मोदी जी, ट्रिपल तलाक बाद में होता रहेगा। इस दौरान सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, भिण्ड विधायक संजीव सिंह मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कश्मीर के मुद्दे पर कहा, वहां स्थिति और बिगडेगी। जो लोग आपके साथ थे उन्हें, नजर बंद किया है। हवालात भेजा हुआ है। आपकी पैरवी कौन करेगा। पाकिस्तान के हिमायती और कश्मीर को आजाद देखने की चाह रखने वाले तो नहीं करेंगे। कश्मीर के लोगों का विश्वास बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, मोदी जी जरा सीखिए, अटल जी ने कश्मीर समस्या का हल 3 शब्दों में कहा था। जम्हूरियत, कश्मीरीयत और इंसानियत। मोदी जी के अमति शाह ने जम्हूरियत, कश्मीरियत और इंसानियत पर ध्यान नहीं दिया।
दिग्विजय सिंह ने कहा जितने भी पाकिस्तान के लिए जासूसी करते पाए गए, वे सब बजरंग दल, भारतीय जनता पार्टी के हैं। आईएसआई से पैसा ले रहे हैं। आईएसआई के लिए जासूसी मुसलमान कम गैर मुसलमान ज्यादा कर रहे हैं। उन्होंने कहा हमारी विचारधारा की लडाई भाजपा से है। संघ से है। जिन्होंने भारत की आजादी के संघर्ष में भाग नहीं लिया। हमें वो राष्ट्रीयता का सबक सिखाना चाहते हैं। कहां थे यह लोग 1947 से पहले। कहां थे यह लोग, जब आजादी की लडाई में भगत सिंह, असफाक उल्ला खान ने फांसी का फंदा चूमा।
प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी पर दिग्विजय सिंह ने कहा कमलनाथ जी हमारे अध्यक्ष हैं। उनका इस्तीफा नहीं हुआ है। झूठ बोलने वाली वाट्सएप यूनिवर्सिटी नाराजगी की बात फेला रही है। भाजपा झूठ का पिटारा है। यह वाट्सएप के माध्यम से करते हैं। उनसे पूछा गया कि भाजपा विधायक मंच पर थे, लेकिन भिण्ड जिले के गोहद और मेहगांव विधायक नहीं आए। इस पर कहा सभी को आमंत्रित किया गया था। हर आदमी अपनी सुविधा के अनुसार होता है। वैसे सिंधिया से मेरी कल ही 10 मिनट बात हुई है।