रीवा। मध्यप्रदेश के अमरपाटन थाना क्षेत्र के चोरहटा गांव से अपहरण किए गए बच्चे की अपहर्ताओं ने हत्या कर दी। पुलिस ने बच्चे का शव कुएं से बरामद किया है। बताया जा रहा है कि अपहर्ताओं ने बच्चे की हत्या पहले ही कर दी थी। इसके बाद फिरौती के लिए फोन किया था। पुलिस के आला अधिकारी गांव में पहुंच गए हैं। इससे पहले मार्च में सतना में दो जुड़वा भाईयों की हत्या भी ऐसे ही कर दी गई थी। दोनों बच्चों की हत्या के बाद फिरौती मांगी गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के चोरहटा गांव से अपहरण किए गए बच्चे विकास प्रजापति की अपहर्ताओं ने हत्या कर दी। बच्चे का अपहरण करने के दूसरे दिन अमित प्रजापति के पास 10 लाख की फिरौती देने के लिए फोन आया था।
इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू हुई और एक को गिरफ्तार कर लिया गया, उसकी निशानदेही पर बंशीपुर गांव के एक कुएं से बच्चे का शव बरामद किया गया। एक अपहर्ता अब भी फरार है, पुलिस इसकी तलाश कर रही है।